
Ahmedabad Plane Crash : अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के चंद मिनटों के भीतर ही एयर इंडिया का ड्रीमलाइनर विमान एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भयावह हादसे में विमान में सवार 242 में से 241 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हैरान करने वाली बात यह रही कि ब्रिटेन का एक नागरिक इस हादसे में जीवित बच निकला, जिसे विशेषज्ञ भी किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे। हादसे की चपेट में आए डॉक्टरों के हॉस्टल में भी तबाही मची और 56 लोगों की जान चली गई। कुल मिलाकर यह हादसा अब तक 297 लोगों की ज़िंदगियाँ ले चुका है।
ब्रोकरेज कंपनी हाउडेन इंडिया के एमडी और सीईओ अमित अग्रवाल के अनुसार, हादसे में क्षतिग्रस्त ड्रीमलाइनर विमान का बीमा उसकी बाजार कीमत के अनुसार होता है। वर्ष 2013 मॉडल के इस विमान का अनुमानित बीमा मूल्य 21 करोड़ डॉलर से 28 करोड़ डॉलर के बीच आंका जा रहा है। उन्होंने बताया कि VT-ABN रजिस्ट्रेशन वाले इस विमान का बीमा आखिरी बार 2021 में करीब 11.5 करोड़ डॉलर की राशि पर हुआ था।
इस बीमा के अंतर्गत न केवल विमान की संरचना बल्कि उसके उपकरण, कलपुर्जे और तकनीकी अवयव भी शामिल हैं। हादसे में हुई क्षति—चाहे आंशिक हो या पूर्ण—का मुआवजा उसी बीमा मूल्यांकन के अनुसार तय होगा।
इंश्योरेंस ब्रोकर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (IBAI) के अध्यक्ष नरेंद्र भारिंदवाल ने स्पष्ट किया कि एयर इंडिया जैसी बड़ी एयरलाइंस के लिए बीमा योजनाएं पूरे बेड़े के स्तर पर बनाई जाती हैं। भारत में बीमा कराने के बाद इन्हें लंदन और न्यूयॉर्क जैसे वैश्विक बाजारों में पुनर्बीमा (Reinsurance) कराया जाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि किसी एक बीमा कंपनी पर पूरी जोखिम की जिम्मेदारी नहीं होती। इस जोखिम को कई अंतरराष्ट्रीय बीमा कंपनियों के बीच विभाजित किया जाता है। एक प्रमुख पुनर्बीमाकर्ता 10-15% हिस्सेदारी लेता है जबकि बाकी कंपनियों की हिस्सेदारी 1.5 से 2 प्रतिशत के बीच रहती है। इस तरह के हादसों की आर्थिक मार वैश्विक स्तर पर साझा की जाती है। Ahmedabad Plane Crash