Hyderabad News : तेलंगाना के भाजपा नेता की संदिग्ध हालात में मौत, पंखे से लटका मिला शव
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 01:55 PM
Hyderabad : हैदराबाद। तेलंगाना के एक भाजपा नेता गनानेंद्र प्रसाद की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव पंखे से लटका मिला। निजी सहायक ने 45 वर्षीय प्रसाद के शव को पंखे से लटका देखा। शव के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि अब तक आत्महत्या के कारणों का पता चल पाया है।
मौत से पहले भाजपा नेता ने अपने पीए से कहा था कि वे आराम करना चाहते हैं, इसलिए उन्हें कोई डिसटर्ब न करे। वह अपने कमरे में चले गए और काफी देर तक बाहर नहीं निकले। इस पर उनके पीए ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पीए ने कमरे की खिड़की को तोड़कर अंदर देखा तो प्रसाद का शव पंखे से लटका मिला।
पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिली कि मियापुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने खुदकुशी की है। सूचना पर एक टीम को मौके पर भेजा गया, जहां भाजपा नेता का शव पंखे से लटका मिला। उनके शव को नीचे उतारा गया और पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल भेजा गया।
भाजपा नेता गनानेंद्र प्रसाद सरलिंगमपल्ली निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी की स्टेट एग्जीक्यूटिव कमेटी के मेंबर थे। पुलिस ने बताया कि भाजपा नेता प्रसाद का कुछ दिन पहले एक्सीडेंट हुआ था। इसमें उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है, लेकिन वह पिछले कुछ दिनों से भाजपा नेता अपने पेंटहाउस में ही रह रहे था। पुलिस ने प्रसाद के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
इससे पहले हाल ही में कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में भाजपा नेता प्रवीण नेट्टार की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। प्रवीण भाजपा युवा मोर्चा के जिला सचिव थे। इसके बाद राज्य में भारी बवाल मचा था। अब इस मामले में केंद्रीय एजेंसी जांच कर रही है।