IDFWS 2022 : आईडीएफ डब्ल्यूएस-2022 :डेयरी उद्योग में जोड़ा जाएगा ‘गोबर धन योजना’: पुरुषोत्तम रूपाला
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 09:15 PM
IDFWS 2022 : ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित आईडीएफ डब्ल्यूएस-2022(IDFWS 2022) के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मछलीपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने कहा कि 1974 में अपने देश में विश्व डेयरी समिट हुआ था, तब हमारा दूध का प्रोडक्शन तीन मिलियन लीटर था और आज हम जब हम इस समिट का आयोजन कर रहे हैं तब हमारा उत्पादन 220 मिलियन लीटर है। यानि बीते 48 साल में दूध के उत्पादन में 10 गुना वृद्धि हुई है। मौजूदा समय में हम दूध के उत्पादन में पूरी तरह आत्मनिर्भर हैं। यह हमारे लिए गर्व की बात है। पुरुषोत्तम रूपाला ने कहा कि अब तक हम दूध को ही डेयरी उद्योग का मुख्य भाग समझते रहे, लेकिन अब हम गोबर को भी इस उद्योग में शामिल कर डेयरी किसानों को आत्मनिर्भर बनाएंगे।
केंद्रीय मछलीपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने कहा कि दूध के साथ ही गोबर से भी हम आत्मनिर्भर बनेंगे। वर्ष-1974 के बाद साल, 2022 में ग्रेटर नोएडा में अंतर्राष्ट्रीय डेयरी फेडरेशन विश्व डेयरी (IDFWS 2022) समिट का आयोजन हो रहा है। आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रेटर नोएडा स्थित एक्सपो मार्ट में इस समिति का शुभारंभ किया। इस आयोजन में दुनियाभर के 156 डेलीगेट हिस्सा लेंगे, जिनमें 89 दुनिया के दूसरे देशों के होंगे। उन्होंने कहा कि 1974 में पूरे हिंदुस्तान में मात्र 23 मिलियन लीटर दूध उत्पादन किया जाता था, लेकिन अब यह 2022 में 220 मिलियन लीटर पर पहुंच गया है। पूरे देश के 8 करोड़ से अधिक परिवार दूध के कारोबार से जुड़े हुए हैं और तकरीबन 9.30 लाख करोड़ रुपये का व्यापार होता है।
श्री रूपाला ने कहा कि 4332 मोबाइल वेटरनरी यूनिट तैयार की गई है, जो देशभर में पशुओं के स्वास्थ्य का ध्यान रखेंगे। इस पर 700 करोड़ रुपये की लागत आई है। उत्तर प्रदेश, बिहार को दूध उत्पादन के क्षेत्र में और आगे ले जाने के लिए सरकार ने जापान सरकार के साथ एक एमओयू साइन किया है, जिसके परिणाम आने वाले दिनों में देखेंगे। उन्होंने देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के बारे में कहा कि जल्द ही गोबर धन योजना को और सफल बनाने के प्रयास किए जाएंगे। यह योजना गोबर के जरिए धन अर्जित करने की दिशा में हमें नई राह देगी।