
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप 1xBet मामले में सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सिलसिले में बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती को समन भेजा गया है। इसके पहले, भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन और सुरेश रैना समेत कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों से पूछताछ की जा चुकी है।ईडी का यह कदम देश में तेजी से फैल रहे अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि मिमी चक्रवर्ती को 15 सितंबर और उर्वशी रौतेला को 16 सितंबर को दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। Illegal Betting App Case
इस महीने की शुरुआत में, 4 सितंबर को पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन से लगभग आठ घंटे तक पूछताछ की गई। उन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था। धवन पर कथित तौर पर 1xBet ऐप से जुड़े विज्ञापनों के जरिए प्रमोशन करने का संदेह था। अगस्त में सुरेश रैना और राणा दग्गुबाती को भी इसी मामले में ईडी के सामने पेश होना पड़ा। एजेंसी ने इस जांच में विजय देवरकोंडा, प्रकाश राज और अन्य 25 मशहूर हस्तियों को शामिल किया है, जिन पर अवैध सट्टेबाजी ऐप्स को बढ़ावा देने के आरोप हैं।
ईडी की लिस्ट में राणा दग्गुबाती, प्रकाश राज, विजय देवरकोंडा के अलावा मांचू लक्ष्मी, प्रणीता, निधि अग्रवाल, अनन्या नागल्ला समेत दक्षिण की कई और अभिनेत्रियां और प्रभावशाली लोग शामिल हैं। जांच में इनसे टैक्स चोरी और निवेशकों को धोखा देने के भी मामले सामने आए हैं। आगे चलकर एजेंसी और भी क्रिकेटर्स और बॉलीवुड सितारों से पूछताछ कर सकती है।
साल 2023-24 में महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ने खूब विवाद खड़ा किया था। इसमें छत्तीसगढ़ के बड़े नेता और नौकरशाह भी संदिग्ध रहे, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम भी जुड़ा। हालांकि बघेल ने इस घोटाले से अपना किसी भी तरह का संबंध नकारा है और इसे ‘राजनीतिक आरोप’ बताया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार महादेव ऐप से अकेले अनुमानित अवैध आय 6,000 करोड़ रुपए से अधिक रही।
विशेषज्ञों के मुताबिक भारत में अवैध सट्टेबाजी ऐप का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिसका अनुमान 100 अरब डॉलर से अधिक है। डिजिटल इंडिया फाउंडेशन की रिपोर्ट में बताया गया कि केवल चार प्रमुख साइटों पर तीन महीनों में 1.6 बिलियन विज़िट दर्ज की गई। अनुमान है कि 11 करोड़ भारतीय रोजाना इन ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं। प्रमोशन और वित्तीय धोखाधड़ी की वजह से अब तक 1,000 से ज्यादा लोग सुसाइड कर चुके हैं, जिनमें स्कूली छात्र भी शामिल हैं। Illegal Betting App Case