
सितंबर की शुरुआत आम आदमी के लिए कई नए नियमों के साथ हुई है। इस महीने से ऐसे बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब, रसोई और बैंकिंग सुविधाओं पर दिखाई देगा। कहीं रसोई गैस के दाम बदले हैं तो कहीं बैंक और टैक्स से जुड़े नए प्रावधान लागू हुए हैं। सरकार और वित्तीय संस्थान साफ संदेश दे रहे हैं कि अब उपभोक्ताओं को और ज्यादा सतर्क रहना होगा। आइए जानते हैं वो 5 बड़े बदलाव, जो 1 सितंबर से आपकी रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करने वाले हैं। Rule Changes
1 सितंबर से आम आदमी की रसोई पर सीधा असर डालने वाले नियम लागू हुए हैं। सरकार ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में राहत देते हुए दिल्ली में इसकी कीमत 51 रुपये घटा दी है। अब कमर्शियल सिलेंडर 1,580 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 1,631.50 रुपये थी। हालांकि, घरेलू रसोई सिलेंडर की दरों में इस बार कोई कटौती नहीं की गई है, जिससे आम परिवारों को अभी राहत का इंतज़ार करना पड़ेगा।
1 सितंबर से डाक विभाग ने आम आदमी की डाक सेवाओं में बड़ा बदलाव कर दिया है। घरेलू रजिस्टर्ड पोस्ट सेवा को पूरी तरह स्पीड पोस्ट में मिला दिया गया है। यानी अब देश के भीतर भेजे जाने वाले हर पंजीकृत पत्र या दस्तावेज़ स्पीड पोस्ट के जरिए ही जाएंगे। इस नए नियम का सीधा असर सरकारी कागज़ात और आम उपभोक्ताओं की रोज़मर्रा की डाक सेवाओं पर पड़ेगा।
सितंबर का महीना निवेशकों के लिए खास मौके लेकर आया है। इंडियन बैंक और आईडीबीआई बैंक की लोकप्रिय स्पेशल टर्म एफडी स्कीमें इस महीने के अंत तक ही उपलब्ध रहेंगी। इंडियन बैंक की 444 और 555 दिन की एफडी तथा आईडीबीआई बैंक की 444, 555 और 700 दिन की एफडी योजनाओं का लाभ उठाने का अंतिम मौका 30 सितंबर 2025 तक है। यानी अगर आप सुरक्षित और तय ब्याज दरों वाले निवेश की तलाश में हैं तो यह समय सही फैसला लेने का है।
सितंबर की शुरुआत SBI क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए नए नियमों के साथ हुई है। 1 सितंबर से चुनिंदा कार्ड्स पर गेमिंग प्लेटफॉर्म, मर्चेंट्स और सरकारी ट्रांजेक्शन पर अब रिवॉर्ड प्वाइंट्स नहीं मिलेंगे। इतना ही नहीं, कार्ड प्रोटेक्शन प्लान (CPP) के सभी ग्राहक 16 सितंबर से अपनी रिन्यूअल डेट के हिसाब से नए वेरिएंट में स्वतः शिफ्ट कर दिए जाएंगे। इसके तहत रिन्यूअल चार्जेस भी तय कर दिए गए हैं—क्लासिक कार्ड के लिए 999 रुपये, प्रीमियम के लिए 1,499 रुपये और प्लेटिनम कार्ड के लिए 1,999 रुपये। यानी, अगर आप एसबीआई कार्ड होल्डर हैं तो इन बदलावों को नजरअंदाज करना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है।
सितंबर का महीना टैक्सपेयर्स के लिए बड़ी राहत की खबर लेकर आया है। आयकर विभाग ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए आयकर रिटर्न (ITR) भरने की डेडलाइन बढ़ा दी है। पहले जहां अंतिम तिथि 31 जुलाई तय थी, अब इसे बढ़ाकर 15 सितंबर 2025 कर दिया गया है। सीबीडीटी (CBDT) के इस फैसले से आम करदाताओं को पूरे 46 दिन का अतिरिक्त समय मिल गया है, ताकि वे बिना हड़बड़ी के अपना रिटर्न दाखिल कर सकें। यानी अब टैक्स भरने की भागदौड़ थोड़ी आसान हो गई है। Rule Changes