
देश में रेल यात्रा के इतिहास में नया अध्याय जुड़ने वाला है। भारतीय रेलवे इस दिवाली और छठ पूजा से पहले देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने की तैयारी में है। यह ट्रेन सबसे पहले दिल्ली से बिहार के लिए शुरू की जा सकती है और अनुमानित गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। काफी समय से यात्रियों को वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का इंतजार था और अब यह सपना जल्द ही हकीकत बनने जा रहा है। नई स्लिपर वंदे भारत ट्रेन लंबी और मध्यम दूरी की यात्राओं के लिए आधुनिक तकनीक और आरामदायक सुविधाओं के साथ तैयार की गई है। Bihar News
पिछले महीने गुजरात के भावनगर में एक कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऐलान किया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जल्द ही यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि ट्रेन सितंबर तक परिचालन के लिए तैयार हो जाएगी। हालांकि, ट्रेन की आधिकारिक शुरुआत की तारीख अभी तक घोषित नहीं की गई है, लेकिन रेलवे के सूत्रों का कहना है कि इसका आगमन त्योहारों से पहले संभव है।
25 जुलाई, 2025 को राज्यसभा में लिखित उत्तर में रेल मंत्री ने जानकारी दी कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का पहला रैक पूरी तरह तैयार हो चुका है। ट्रेन के सभी परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं और अब इसे यात्रियों के लिए लॉन्च करने की अंतिम तैयारियाँ चल रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संभावित रूट दिल्ली से बिहार तक होगा, जिसमें पटना और दरभंगा या सीतामढ़ी शामिल हो सकते हैं। रेलवे का लक्ष्य है कि यह ट्रेन त्योहारों के मौसम से पहले, दिवाली और छठ पूजा से पहले यात्रियों के लिए चलने लगे, ताकि बिहार के लोग आधुनिक और तेज़ गति वाली रेल यात्रा का अनुभव ले सकें
अभी तक टिकट की कीमतों का निर्धारण नहीं हुआ है। रेलवे बोर्ड ट्रेन के रूट की अंतिम पुष्टि के बाद टिकट की कीमतों की घोषणा करेगा। ट्रेन की सुविधाओं की बात करें तो इसे अधिकतम 180 किमी प्रति घंटे की गति से चलने के लिए तैयार किया गया है। इसमें यात्रियों के लिए चार्जिंग पॉइंट, रीडिंग लाइट, आंतरिक डिस्प्ले पैनल, सुरक्षा कैमरे, मॉड्यूलर पैंट्री और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष बर्थ और शौचालय जैसी आधुनिक सुविधाएँ हैं। इसके अलावा, फर्स्ट क्लास एसी कोच में गर्म पानी के साथ शॉवर की सुविधा भी दी गई है, जो यात्रा को और आरामदायक बनाएगी। Bihar News