भारत जापान को पछाड़कर बना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
Indian Economy
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 06:36 PM
Indian Economy : भारत ने जापान को पछाड़कर अर्थव्यवस्था के मामले में एक छलांग लगा दी है। अब वह दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत की जीडीपी अब 4 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच चुकी है। इसके साथ ही भारत ने जापान को पीछे छोड़ कर चौथा स्थान हासिल कर लिया है। अब केवल ये तीन देश ही उससे आगे हैं। भारत से आगे सिर्फ अमेरिका, चीन और जर्मनी हैं।
तीसरे स्थान का लक्ष्य भी दूर नहीं
नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम का कहना है कि ढाई से तीन साल में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।
भारत के विकास का आधार सुधार, विनिर्माण और निवेश है। भारत में मेक इन इंडिया का असर है कि भारत अब वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर रहा है। चीन प्लस वन नीति, पीएलआई स्कीम्स और बेहतर लॉजिस्टिक्स के चलते भारत निवेशकों को आकर्षित कर रहा है।
एसेट मोनेटाइजेशन की नई योजना
सरकार सरकारी संपत्तियों को उपयोग में लाकर और बेचकर पूंजी जुटाने की योजना पर काम कर रही है। अगस्त 2025 तक इसकी दूसरी किश्त शुरू हो सकती है। डोनाल्ड ट्रम्प ने टिप्पणी करते हुए कहा था कि आई फोन भारत जैसे देशों में नहीं, अमेरिका में बनना चाहिए। इस पर सुब्रह्मण्यम ने जवाब दिया कि फिलहाल अमेरिका के टैरिफ को लेकर स्पष्टता नहीं है, लेकिन भारत अपनी विनिर्माण शक्ति को और मजबूत करने में लगा है।
भारत की इस उपलब्धि का क्या मतलब है?
यह न केवल आर्थिक आंकड़ा है, बल्कि भारत की नीतियों, जनशक्ति और वैश्विक विश्वास का प्रमाण भी है। इससे जॉब और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे। मैन्युफैक्चरिंग बढ़ने से रोजगार, स्टार्टअप्स और जीडीपी में भारी उछाल आने की संभावना है। सामरिक और भू-राजनीतिक प्रभाव के कारण भारत अब केवल दक्षिण एशिया का ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी एक निर्णायक शक्ति बनकर उभर रहा है। भारत का चौथे स्थान पर आना एक "आर्थिक जलवा" ही नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में उसकी तीसरे स्थान की ओर तेजी से बढ़ती हुई रफ्तार का संकेत है।