
Weight Loss Medicine : आधुनिक जीवनशैली और खानपान की आदतों ने देश में मोटापे को एक महामारी का रूप दे दिया है। मोटापा अब केवल सौंदर्य का मसला नहीं, बल्कि डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और यहां तक कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की जड़ बन चुका है। इसी संकट की पृष्ठभूमि में डेनमार्क की अग्रणी दवा कंपनी नोवो नॉर्डिस्क (Novo Nordisk) ने भारत में ‘वेगोवी’ (Wegovy) नामक वजन घटाने की दवा को औपचारिक रूप से लॉन्च किया है। यह दवा भारत की पहली स्वीकृत क्लिनिकल वेट मैनेजमेंट मेडिकेशन है, जो लंबे समय तक वजन नियंत्रित रखने के साथ-साथ कार्डियोवैस्कुलर जोखिमों को भी कम करती है।
वेगोवी एक इंजेक्टेबल दवा है, जिसका मुख्य घटक सेमाग्लूटाइड है। यह शरीर में प्राकृतिक रूप से पाए जाने वाले GLP-1 रिसेप्टर एगोनिस्ट की तरह काम करता है, जो मस्तिष्क को भूख कम करने का संकेत देता है। नतीजतन, भोजन की इच्छा घटती है, और कैलोरी इनटेक में कटौती होती है। इसका असर धीरे-धीरे वजन पर नजर आने लगता है। इसके अलावा, यह इंसुलिन रेसिस्टेंस को भी सुधारती है, जिससे मेटाबॉलिक स्वास्थ्य बेहतर होता है।
वेगोवी सप्ताह में केवल एक बार लिया जाने वाला इंजेक्शन है, जो पेन जैसे डिवाइस में आता है। इसे कोई भी रोगी चिकित्सकीय सलाह के साथ खुद उपयोग कर सकता है। यह निम्नलिखित डोज़ में उपलब्ध है:
0.25 मिलीग्राम
0.5 मिलीग्राम
1 मिलीग्राम
1.7 मिलीग्राम
2.4 मिलीग्राम
कंपनी के अनुसार, इस दवा की कीमत डोज़ के आधार पर तय की गई है:
0.25, 0.5 और 1 mg डोज़: ₹17,345 प्रति पेन
1.7 mg डोज़: ₹24,280 प्रति पेन
2.4 mg डोज़: ₹26,015 प्रति पेन
नोवो नॉर्डिस्क द्वारा प्रस्तुत INDIAB स्टडी के मुताबिक, भारत विश्व में मोटापे की तीसरी सबसे बड़ी आबादी वाला देश है।
सामान्य मोटापे से ग्रस्त लोग: 254 मिलियन
पेट के मोटापे से जूझते लोग: 351 मिलियन Weight Loss Medicine