इंडिगो फ्लाइट का इंजन फेल! 17 मिनट तक हवा में फंसी फ्लाइट, मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग से टला बड़ा हादसा
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 05:20 AM
उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद आया तकनीकी झटका: दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया जब उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान का इंजन फेल हो गया। यह फ्लाइट जब हवा में थी, तभी अचानक तकनीकी खराबी सामने आई। फ्लाइट करीब 17 मिनट तक हवा में मंडराती रही, जिससे विमान में सवार यात्रियों की सांसें अटक गईं।
पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
इंडिगो की इस फ्लाइट में सैकड़ों यात्री सवार थे। इंजन फेल होते ही पायलट ने तुरंत स्थिति को संभाला और किसी बड़े हादसे से बचने के लिए मुंबई एयरपोर्ट से संपर्क किया। पायलट ने बेहद सूझबूझ से काम लेते हुए फ्लाइट की मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग कराई। राहत की बात ये रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई।
हाल के दिनों में लगातार सामने आ रही तकनीकी दिक्कतें
यह कोई पहला मामला नहीं है जब किसी विमान में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आई हो। हाल ही में 12 जून को अहमदाबाद में भी एक विमान हादसे की खबर सामने आई थी। वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई से लखनऊ आ रही फ्लाइट को भी तकनीकी कारणों से निरस्त करना पड़ा था। उस फ्लाइट में 166 यात्री सवार थे, जिन्हें बाद में होटल में ठहराया गया।
एक आरटीआई से हुआ खुलासा
एक आरटीआई रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 5 सालों में भारत में 65 बार विमान के इंजन फेल होने की घटनाएं सामने आई हैं। यह आंकड़ा बेहद चौंकाने वाला है और देश की विमानन सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है। यात्रियों की जान से जुड़ा मामला होने के कारण, DGCA और अन्य विमानन एजेंसियों को इन घटनाओं को गंभीरता से लेने की ज़रूरत है।
विमानन सुरक्षा पर उठते सवाल
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने आम यात्रियों के मन में डर पैदा कर दिया है। चाहे बोर्डिंग के बाद उड़ान का रद्द होना हो या लैंडिंग के वक्त 'गो अराउंड' जैसी स्थितियां—अब हवाई यात्रा करने वाले लोग भी आश्वस्त नहीं हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए विमानों की नियमित और गहन जांच अब पहले से कहीं ज़्यादा ज़रूरी हो गई है।
‘क्या मैं हाथ धो लूं?’ – मासूम बेटे का सवाल जिसने स्पेस हीरो को रुला दिया