इंदिरापुरम में 14 सितंबर को होगा आर-पार! बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी
भारत
RP Raghuvanshi
08 Sep 2025 01:27 PM
गाजियाबाद के इंदिरापुरम के न्याय खंड-1 की पांच प्रमुख हाउसिंग सोसायटियों के लोग 14 सितंबर को एक बार फिर सड़कों पर उतरने जा रहे हैं। इस बार उनका विरोध सिर्फ अतिक्रमण के खिलाफ नहीं बल्कि प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ भी है। रविवार को सुपरटेक आइकॉन सोसायटी में आयोजित बैठक में प्रदर्शन की रणनीति तय की गई जिसमें तय हुआ कि 14 सितंबर को दोपहर 12 बजे सभी निवासी बैनरों के साथ विरोध मार्च निकालेंगे। Ghaziabad News
अवैध दुकानें, झुग्गियां और शराब की दुकान ने बिगाड़ी व्यवस्था
सुपरटेक आइकॉन, पत्रकार विहार, गौर ग्रीन विस्टा, इंद्रलोक और जीडीए जनता फ्लैट के निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में तेजी से फैलते अवैध कब्जे, झुग्गी-झोपड़ियां और अब शराब की दुकान के चलते माहौल असुरक्षित होता जा रहा है। सड़क किनारे खुली अवैध मरम्मत की दुकानों और रेहड़ी-पटरियों ने चलना-फिरना मुश्किल कर दिया है। सुबह-शाम जाम और महिलाओं के साथ अभद्रता की घटनाएं आम होती जा रही हैं।
“नशे में धुत लोग करते हैं वारदातें”
निवासियों का आरोप है कि कई दुकानें ऐसे लोगों द्वारा चलाई जा रही हैं जो नशे की हालत में रहते हैं और आए दिन अपराधों को अंजाम देते हैं। महिलाएं और बच्चियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। यह पहला मौका नहीं है जब निवासी विरोध में उतरे हैं। पिछले साल भी इन पांच सोसायटियों ने मिलकर अतिक्रमण के खिलाफ सड़क जाम किया था तब अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया था। थोड़ी कार्रवाई भी हुई लेकिन कुछ ही महीनों में अतिक्रमण फिर लौट आया।
“इस बार आर-पार की लड़ाई”
सुपरटेक आइकॉन सोसायटी के अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने बताया, "अब स्थिति असहनीय हो चुकी है। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी परेशान हैं। इस बार प्रदर्शन में हर उम्र के लोग शामिल होंगे। हम तब तक शांत नहीं बैठेंगे जब तक स्थायी समाधान नहीं मिलता।" प्रदर्शन की योजना बनाने के लिए हुई बैठक में मनीषा भूषण, ज्योत्सना शर्मा, रितिका गौड़, राकेश पांडे, अमित सचान, जुगल बग्गा, शैलेश, आशीष तोमर, विनोद गुप्ता सहित कई अन्य सक्रिय निवासी मौजूद रहे।
अवैध अतिक्रमण को तुरंत और स्थायी रूप से हटाया जाए।
झुग्गियों और अवैध दुकानों पर सख्त कार्रवाई।
शराब की दुकान बंद कराई जाए।
क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम। Ghaziabad News