IPL-2023 : अगले दो मैचों में मिल सकता है युवा खिलाड़ियों को मौका : जेम्स होप्स
Young players may get chance in next two matches: James Hopes
भारत
चेतना मंच
14 May 2023 04:05 PM
नई दिल्ली। पंजाब किंग्स के हाथों 31 रन से हार के साथ ही इंडियन प्रीमियर लीग के प्लेआफ की दौड़ से बाहर हो चुकी दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने अपने बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर निराशा जताते हुए कहा कि आखिरी दो मैचों में युवा खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है।
IPL-2023
शानदार शुरुआत के बावजूद पिछड़ी दिल्ली
पंजाब के सात विकेट पर 167 रन के जवाब में बेहतरीन शुरुआत के बावजूद दिल्ली की टीम आठ विकेट पर 136 रन ही बना सकी। एक समय उसका स्कोर बिना किसी नुकसान के 69 रन था, लेकिन उसने छह विकेट 19 रन के भीतर गंवा दिये। होप्स ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि इतनी अच्छी शुरुआत के बाद बल्लेबाजों का जिस तरह से प्रदर्शन रहा, वह अस्वीकार्य है। कोई भी खिलाड़ी पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाने में नाकाम रहा। पूरे टूर्नामेंट में कुछ मैचों को छोड़कर बल्लेबाजों ने निराश किया। दूसरी टीमों में यशस्वी जायसवाल और प्रभसिमरन सिंह जैसे युवा बल्लेबाज शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन दिल्ली ने यश धुल और सरफराज खान को उतने मौके नहीं दिये। यह पूछने पर कि क्या अगले दो मैचों में उनके खेलने की संभावना है, होप्स ने कहा कि चयन के मसलों पर मैं नहीं बोल सकता, लेकिन उम्मीद है कि अगले दो मैचों में युवा खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। हम जीत के साथ टूर्नामेंट से विदा लेना चाहेंगे।
मैच दर मैच परिपक्व हो रहे प्रभसिमरन सिंह तारीफ के काबिल
वहीं, पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाजी कोच सुनील जोशी ने 65 गेंद में 103 रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि उसकी प्रतिभा की वजह से पहले मैच से ही हमने उसका साथ दिया और अब मैच दर मैच उसके खेल में परिपक्वता आ रही है, लेकिन यह महज एक शुरुआत है। उन्होंने कहा कि उसकी खूबी यह है कि वह 360 डिग्री शॉट्स खेल सकता है। अगर सलामी बल्लेबाज इस तरह मैदान के चारों ओर मार पाता है तो विरोधी गेंदबाजों पर दबाव बन जाता है। वह इससे पहले अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदल नहीं पा रहा था, लेकिन इस मैच में उसने ऐसा किया।
राहुल चहर ने की शानदार गेंदबाजी
जोशी ने चार ओवर में सिर्फ 16 रन देकर चार विकेट लेने वाले स्पिनर राहुल चाहर की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि उसने पिछले मैच में कोलकाता में भी अच्छी गेंदबाजी की थी, जबकि वहां स्पिनरों को मदद नहीं मिल रही थी। यहां मददगार पिच पर उसने बेहतरीन प्रदर्शन किया और उम्मीद है कि बाकी मैचों में यह लय बनी रहेगी।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।