IPPB में सुनहरा मौका! ग्रामीण डाक सेवक के 348 पदों पर भर्ती, जानें कैसे करें आवेदन
भारत
चेतना मंच
09 Oct 2025 04:40 PM
IPPB GDS Recruitment 2025: इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) ने देशभर के उम्मीदवारों के लिए शानदार अवसर जारी किया है। बैंक ने ग्रामीण डाक सेवक (एक्जीक्यूटिव) पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के माध्यम से कुल 348 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया शुरू, जानें आखिरी तारीख
इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 9 अक्टूबर 2025 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 29 अक्टूबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की आधिकारिक वेबसाइट ippbonline.com पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा।
शैक्षणिक योग्यता और पात्रता
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या कॉलेज से किसी भी विषय में ग्रैजुएशन की डिग्री होना आवश्यक है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर पढ़ें, ताकि सभी पात्रता शर्तों की पुष्टि हो सके।
आयु सीमा और शुल्क
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 अगस्त 2025 के अनुसार की जाएगी। आवेदन शुल्क के रूप में सभी श्रेणी के उम्मीदवारों को 750 रुपये का भुगतान करना होगा।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवारों को सबसे पहले ippbonline.com पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म को ध्यानपूर्वक भरें और शुल्क जमा करें। आवेदन पूरा करने के बाद उसका प्रिंट आउट निकालकर अपने पास सुरक्षित रखें।