
Isudan Gadhvi : गुजरात में हो रहे विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुजरात के लिए आम आदमी पार्टी के गुजरात के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा कर दी है।
आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने कुछ दिन पहले सीएम पद के उम्मीदवार के लिए आम जनता की राय मांगी थी। इसके लिए मोबाइल नंबर, व्हाटसऐप नंबर और ईमेल आईडी जारी की गई थी। जिस पर गुजरात की जनता ने अपनी रायशुमारी की।
शुक्रवार को अहमदाबाद में एक प्रेस वार्ता के दौरान अरविंद केजरीवाल ने बताया कि इस नंबर पर लगभग 16,48,500 प्रतिक्रियाएं आई और इसमें से 73 फीसद लोगों ने इसुदान गढ़वी के पक्ष में अपनी मुहर लगाई। केजरीवाल के इस ऐलान के बाद मंच पर मौजूद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक गोपाल इटालिया सहित तमाम नेताओं ने उन्हें बधाई दी। अरविंद केजरीवाल ने भी उन्हें गले लगाकर बधाई दी।
आपको बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी ने इसी तरह का अभियान चलाया था और लोगों से पूछा था कि विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का सीएम उम्मीदवार कौन होना चाहिए। बड़ी संख्या में लोगों ने भगवंत मान के नाम पर मुहर लगाई थी और आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को ही चेहरा बनाया था। पंजाब में आम आदमी पार्टी को बड़ी जीत मिली थी। पत्रकार वार्ता के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में आम आदमी पार्टी की सरकार बनना तय है।
कौन हैं इसुदान गढ़वी? इसुदान गढ़वी गुजराती न्यूज़ चैनल VTV के संपादक रहे हैं और पिछले साल वह आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। आपको बता दें कि गुजरात में 1 और 5 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे और नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। पहले चरण में 89 और दूसरे चरण में 93 सीटों पर वोटिंग होगी। गुजरात में विधानसभा की 182 सीटें हैं। इसमें से 13 सीटें अनुसूचित जाति और 27 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।