पुरी में आस्था का मेला बना मातम का मंजर, भगदड़ में 3 की मौत, 50 से ज्यादा घायल
Jagannath Rath Yatra
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 12:58 PM
Jagannath Rath Yatra : भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान रविवार सुबह पुरी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। श्रीगुंडिचा मंदिर के पास श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई और 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों का इलाज पुरी जिला अस्पताल में चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना तड़के करीब 4:30 बजे हुई, जब हजारों की संख्या में भक्त श्रीगुंडिचा मंदिर के सामने रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए उमड़े हुए थे। बढ़ती भीड़ के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और अफरा-तफरी मच गई। भीड़ में कई लोग जमीन पर गिर पड़े और इसी दौरान तीन श्रद्धालु दबकर दम तोड़ बैठे।
मृतकों में दो महिलाएं और एक वृद्ध शामिल
मृतकों की पहचान खुर्दा जिले की प्रभाती दास, बसंती साहू और 70 वर्षीय प्रेमाकांत महांती के रूप में हुई है। इन तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। घटना के तुरंत बाद घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से पुरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने अस्पताल में इमरजेंसी व्यवस्था लागू कर दी है।
भीड़ नियंत्रण पर खड़े हुए सवाल
रथ यात्रा जैसे विशाल आयोजन में जहां हर साल लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं, वहां इस तरह की घटना ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने हालात पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन यह साफ है कि व्यवस्था में कहीं न कहीं चूक जरूर हुई है। पुरी की रथ यात्रा देश की सबसे भव्य और ऐतिहासिक धार्मिक यात्राओं में गिनी जाती है। भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को श्रीमंदिर से रथ पर विराजमान कर श्रीगुंडिचा मंदिर तक ले जाया जाता है, जहां वे नौ दिन तक विश्राम करते हैं। हर साल यह यात्रा लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और श्रद्धा का केंद्र रहती है, लेकिन इस बार की यात्रा दुखद हादसे के साये में आ गई। Jagannath Rath Yatra