
Jammu and Kashmir : श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार की सुबह सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने शोपियां के जैनपुरा इलाके के मुंझ मार्ग में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था, जो बाद में एक मुठभेड़ में तब्दील हो गया।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादी मारे गए।
उन्होंने ट्वीट किया कि आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े तीन आतंकवादी मारे गए। उनकी पहचान की जा रही है। विस्तृत जानकारी जल्द दी जाएगी।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर पुलिस ने राजौरी जिले में सैन्य शिविर के बाहर गोलीबारी की घटना में दो आम नागरिकों के मारे जाने के मामले की जांच के लिए सोमवार रात एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
शुक्रवार को दो नागरिकों के मारे जाने और एक अन्य के घायल होने की घटना के विरोध में व्यापक विरोध-प्रदर्शन हुए और लोगों ने इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।
गौरतलब है कि सेना ने एक ट्वीट में कहा था कि कुछ ‘‘अज्ञात आतंकवादियों’’ ने शिविर पर गोलीबारी की थी जबकि चश्मदीदों ने दावा किया कि द्वार पर तैनात एक संतरी ने स्थानीय लोगों पर गोलियां चलाईं, जिसके चलते आम नागरिक हताहत हुए। सूत्रों ने कहा कि पुलिस ने घटना की जांच के लिए राजपत्रित रैंक के पुलिस अधिकारी की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया है।