
Jammu and Kashmir : नए साल के पहले दिन आतंकियों ने जम्मू कश्मीर के राजौरी स्थित डांगरी गांव में आतंकी हमला किया। आतंकियों ने गांव के तीन घरों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की। इस गोलीबारी में तीन लोगों के मरने और सात लोगों के घायल होने की सूचना है।
डांगरी गांव में हमले की सूचना पर मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आतंकी की तलाश की जा रही है। हालांकि अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि गोलीबारी करने में कितने आतंकी थे। पुलिस व जिला प्रशासन मौके पर पहुंच गया है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महमूद ने बताया कि घायलों के शरीर पर गोलियों के कई निशान मिले हैं। फिलहाल इनका इलाज किया जा रहा है। अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है व सात अन्य लोगों का उपचार जारी है।
ग्रेनेड हमले में एक घायल इसके अलावा श्रीनगर में रविवार को आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक बंकर पर ग्रेनेड फेंका, जो सड़क किनारे फट गया जिसमें एक नागरिक घायल हो गया। अधिकारियों के मुताबिक यह घटना श्रीनगर के हलवल इलाके में हुई।
आतंकवादियों ने रविवार की शाम लगभग 7:45 बजे मिर्जा कामिल चौक के पास केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक बंकर की ओर एक ग्रेनेड फेंका, जो सड़क के किनारे फट गया।
अधिकारियों ने कहा कि हबक निवासी समीर अहमद मल्ला विस्फोट में मामूली रूप से घायल हो गया। उन्होंने कहा कि उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।