
Jammu and Kashmir श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में शनिवार को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी को मार गिराया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बारामूला के करहामा कुंजर इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किया गया था। आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाईं जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने भी गोलीबारी की, जिससे यह मुठभेड़ में तब्दील हो गई। अधिकारी ने बताया कि जवाबी गोलीबारी में एक आतंकवादी मारा गया। मारे गए आतंकवादी की पहचान और वह किस संगठन से जुड़ा था, इसका पता लगाया जा रहा है।
उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों में जारी मुठभेड़ के बीच शनिवार को मुठभेड़ स्थल का दौरा किया। एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजकर 15 मिनट पर सुरक्षा बलों को आतंकवादियों के ठिकाने का पता चला, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई और अंतिम सूचना मिलने तक गोलीबारी जारी थी।
अधिकारियों ने बताया कि इलाके में कम से कम दो आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका है। सेना ने कहा कि उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ को वहां मौजूद कमांडरों ने जारी ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के सभी पहलुओं से अवगत कराया। सेना के उत्तरी कमान ने एक ट्वीट करके बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र जारी है और उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी मौके पर मौजूद हैं। वह राजौरी के कांडी में जारी अभियान की संचालनगत स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं, जहां आतंकवादियों के साथ फिर से मुठभेड़ शुरू हो गई है।
ट्वीट में कहा गया है कि उन्हें मौके पर मौजूद कमांडरों ने अभियान के सभी पहलुओं से अवगत कराया। प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के दौरान शहीद हुए सैन्यकर्मियों के लिए श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और उन्हें पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। यह कार्यक्रम जल्द ही जम्मू में वायुसेना अड्डे पर आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सेना के कमांडर और सेना के वरिष्ठ अधिकारी शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे।