वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भारी भूस्खलन से अब तक 33 की मौत, 22 ट्रेनें रद्द
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:31 AM
श्रद्धालुओं के लिए माता वैष्णो देवी यात्रा इस बार बेहद दर्दनाक साबित हुई है। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में हुई मूसलधार बारिश और बड़े भूस्खलन की चपेट में आकर कम से कम 33 लोगों की जान चली गई जबकि 23 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कटरा की ओर जाने वाला जम्मू-कटरा हाईवे पूरी तरह बंद है और रेलवे ने 22 ट्रेनों को रद्द तथा 27 को शॉर्ट-टर्मिनेट कर दिया है। Jammu News
भूस्खलन ने त्रिकूट पर्वत मार्ग को किया तबाह
बुधवार को त्रिकूट पर्वत की ओर जाने वाले माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भारी भूस्खलन हुआ। मंदिर के रास्ते का बड़ा हिस्सा मलबे में दब गया। सेना, एनडीआरएफ, SDRF, जेके पुलिस और प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। अभी भी आशंका है कि मलबे के नीचे कई लोग फंसे हो सकते हैं।
भारी बारिश ने मचाई तबाही
जम्मू और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। मंगलवार को सिर्फ 6 घंटे में 22 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। नतीजा कई पुल बह गए, बिजली के खंभे और मोबाइल टावर गिर गए और संचार व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। कई जगहों पर नेटवर्क ब्लैकआउट हो गया है जिससे हजारों लोग अपने प्रियजनों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।
3,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया
प्रशासन और सुरक्षाबलों ने अब तक 3,500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। अस्थायी शेल्टर्स में लोगों को भोजन, पीने का पानी और प्राथमिक चिकित्सा मुहैया कराई जा रही है। बता दें कि, भारी बारिश के कारण नॉर्दर्न रेलवे ने बुधवार को 22 ट्रेनें रद्द की गई हैं वहीं 27 ट्रेनें शॉर्ट-टर्मिनेट कर दी गई हैं। इनमें वैष्णो देवी बेस कैंप से चलने वाली 9 प्रमुख ट्रेनें भी शामिल हैं। इसके अलावा, चक्की नदी में बाढ़ के कारण पठानकोट-कंदरोरी सेक्शन (हिमाचल) में रेल यातायात रोक दिया गया है। हालांकि, कटरा–श्रीनगर मार्ग अभी भी प्रभावित नहीं हुआ है।
तेज बारिश और तूफानी हवाएं जम्मू, सांबा, आरएसपुरा, अखनूर, बिश्नाह, विजयपुर, कठुआ और ऊधमपुर जैसे इलाकों में लगातार जारी हैं।वहीं, रामबन, डोडा, गूल और बनिहाल में भी मध्यम बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बादल 12 किलोमीटर तक ऊंचाई पर सक्रिय हैं जो बेहद खतरनाक मौसम सिस्टम का संकेत है। आने वाले दिनों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा न करें और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। Jammu News