Jamshedpur : धार्मिक झंडे के अपमान पर जमशेदपुर में झड़प, निषेधाज्ञा लागू
Clash in Jamshedpur over insult of religious flag, prohibitory orders imposed
भारत
चेतना मंच
10 Apr 2023 04:05 PM
जमशेदपुर। झारखंड में जमशेदपुर के शास्त्रीनगर में एक धार्मिक झंडे के अपमान के बाद दो गुटों के बीच पथराव हुआ। उग्र भीड़ ने आगजनी भी की। उसके बाद क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि हिंसक भीड़ ने दो दुकानों और एक ऑटो-रिक्शा को आग लगा दी। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। अधिकारियों ने कहा कि कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उप-संभागीय अधिकारी (धलभूम) पीयूष सिन्हा ने कहा कि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है।
पूर्वी सिंहभूम जिले की उपायुक्त विजया जाधव ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने साजिश को विफल करने के लिए आम नागरिकों से सहयोग का अनुरोध किया। पुलिस ने बताया कि इलाके में शनिवार रात तब से ही तनाव व्याप्त है, जब एक स्थानीय संगठन के सदस्यों ने रामनवमी के झंडे पर मांस का एक टुकड़ा चिपका पाया।