झालावाड़ स्कूल हादसा: छत गिरने से 4 मासूमों की मौत, 17 घायल
Jhalawar
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 07:13 PM
Advertisement
Jhalawar: राजस्थान के झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। पीपलोदी गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की जर्जर इमारत की छत अचानक भरभरा कर गिर पड़ी, जिसमें चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 17 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के समय कक्षा में करीब 50 से ज्यादा बच्चे मौजूद थे।
कैसे हुआ हादसा?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह जैसे ही बच्चे क्लास में पहुंचे अचानक तेज आवाज के साथ पूरी छत भरभरा कर गिर गई। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बच्चों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। स्कूल के शिक्षकों और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम जारी है।
घायलों का इलाज जारी
घायल बच्चों को पास के मनोहरथाना सीएचसी अस्पताल ले जाया गया है। कई बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है। जिला प्रशासन ने घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए हैं और कुछ को कोटा के बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है। राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए जिलाधिकारी से बात की है और मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही स्कूल भवन की जर्जर स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर क्यों इस इमारत में अब तक कक्षाएं संचालित की जा रही थीं।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस हृदयविदारक घटना पर शोक जताया है। उन्होंने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, "झालावाड़ के मनोहरथाना में सरकारी स्कूल की इमारत गिरने से कई बच्चों और शिक्षकों के हताहत होने की खबर दुखद है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि जनहानि कम हो और घायल बच्चे जल्द स्वस्थ हों।" घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। मलबे में अभी और बच्चों के दबे होने की आशंका है इसलिए बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। स्कूल भवन की हालत को लेकर अब शिक्षा विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं।