कोर्ट में पेश हुईं कंगना रनौत, अपने बयान पर जताया खेद
भारत
चेतना मंच
27 Oct 2025 05:33 PM
हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत सोमवार को पंजाब के बठिंडा की अदालत में पेश हुईं। किसान आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया पर बुजुर्ग महिला को लेकर की गई टिप्पणी के मामले में अदालत ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया था। कंगना ने अदालत में कहा कि मैं हर माता का सम्मान करती हूं, चाहे वो पंजाब की हों या हिमाचल की। मेरा किसी को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। मैंने केवल एक मीम को रिपोस्ट किया था, न कि किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाया। उन्होंने पीड़ित पक्ष से कहा कि यदि उनके बयान से किसी को ठेस पहुंची है तो वे खेद व्यक्त करती हैं। Kangana In Court :
क्या है मामला?
यह मामला किसान आंदोलन (2020-21) के दौरान का है, जब कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर पंजाब की एक 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। कंगना ने उस महिला को 100-100 रुपये लेकर धरने में आने वाली बताया था। इस टिप्पणी से आहत होकर गांव बहादरगढ़ जंडियां (बठिंडा) की उस महिला ने अपनी छवि को नुकसान पहुंचाने के आरोप में कंगना के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। उसके बाद पंजाब के कई हिस्सों में किसानों और सामाजिक संगठनों ने कंगना के बयान का कड़ा विरोध किया था।
कानूनी प्रक्रिया और सुप्रीम कोर्ट का रुख
यह मामला पिछले कई वर्षों से अदालत में लंबित था। कंगना ने इसे रद करने के लिए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दाखिल कीं, लेकिन दोनों जगह से राहत नहीं मिली। सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में कहा था कि कंगना ने न केवल विवादित पोस्ट शेयर किया था, बल्कि उस पर अपनी टिप्पणी भी जोड़ी थी। अदालत ने उन्हें 27 अक्टूबर को बठिंडा कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया था, जिसके अनुपालन में आज वे पेश हुईं।