Kanpur Crime News : कानपुर में सो रहे पिता की गला रेतकर हत्या, बचाने दौड़ी मां और नाना को भी घायल किया
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 10:44 PM
Kanpur News : उत्तर प्रदेश के कानपुर के गुजैनी में सोमवार को एक शख्स की उसके बेटे ने गला रेतकर हत्या कर दी। परिजनों के मुताबिक, बेटे ने सोते समय पहले लोहे के रॉड से सिर पर हमला किया, फिर चाकू से गला रेत दिया। चीख सुनकर बचाने दौड़ी मां और नाना को भी आरोपी ने चाकू मारकर घायल कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया है। आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। परिजनों का कहना है कि हत्यारोपी को नशे की भी लत थी। पिता बार-बार उसे ऐसे उसके बदमाश दोस्तों से दूर रहने की हिदायत देते रहते थे।
पुलिस के मुताबिक गुजैनी के सी-ब्लॉक में रहने वाले जीत कुमार शुक्ला (55) ठेकेदारी करते थे। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि जीत मूल रूप से गजनेर रतगांव के रहने वाले थे, लेकिन ससुराल में आकर बस गए थे। घर में पत्नी सुमन, सास राम प्यारी और दो बेटे निखिल और अखिल हैं। इसी साल 20 साल के निखिल ने इंटर पास किया है। वह शराब, चरस और गांजे का नशा करने लगा था। उसकी हरकतें देख घर वाले उस पर कड़ाई करने लगे थे। घर से बाहर निकलने नहीं देते थे। उस पर निगरानी रखने लगे थे। इससे नाराज होकर निखिल ने सोमवार की भोर में पिता के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया। फिर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। चीख-पुकार सुनकर जीत की पत्नी सुमन और ससुर राम भरोसे बचाने दौड़े तो निखिल ने उन पर भी लोहे की रॉड से हमला कर दिया। चाकू से हत्या का प्रयास किया। गुत्थम-गुत्थी में आरोपी की मां और नाना भी घायल हो गए।
शोर सुनकर पड़ोसियों के आने पर आरोपी मौके से भाग निकला। पड़ोसियों की सूचना पर आई गोविंद नगर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोविंद नगर थाना प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पुलिस ने हत्या के आरोपी की घायल मां और नाना को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया है।