Kanpur News : कानपुर में भिड़े भाजपा और निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी, निर्दलीय प्रत्याशी ने थाना घेरा
Kanpur News: BJP and independent councilor candidate clashed in Kanpur, independent candidate surrounded the police station
भारत
चेतना मंच
27 Apr 2023 05:39 PM
Kanpur News : कानपुर। निकाय चुनाव में एकदूसरे के खिलाफ बयानबाजी तो खूब होती है, लेकिन कानपुर में प्रत्याशी के समर्थकों में बात मारपीट और थाने तक पहुंच गई। यहां के वार्ड 77 में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी और समर्थक आपस में भिड़ गए। माहौल इस कदर बिगड़ा कि वार्ड की सड़कों पर सैकड़ों की संख्या में लोग उतर आए। दोनों तरफ से लोग एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। नारेबाजी होते-होते मामला मारपीट तक पहुंच गया। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। इलाके में तनाव बना हुआ है।
Kanpur News :
निर्दलीय प्रत्याशी ने लगाया आरोप
वार्ड-77 से भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र सचान और निर्दलीय प्रत्याशी डा. अखिलेश बाजपेई क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहे थे। बर्रा विश्व बैंक के सी ब्लॉक में चुनाव प्रचार करने के दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे के सामने आए तो नारेबाजी करने लगे। माहौल बिगड़ा तो लोग आपस में भिड़ गए। प्रत्याशी ने भी एक-दूसरे से मारपीट का प्रयास किया। करीब 1 घंटे तक हंगामा चलता रहा। दरअसल, वार्ड 77 बर्रा पूर्वी से भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र सचान को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया गया है। इसी वार्ड से डॉ. अखिलेश बाजपेई भी भाजपा से पार्षद पद के टिकट की मांग कर रहे थे। टिकट न मिलने पर वह भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। अखिलेश बाजपेई का आरोप है कि मैं यहां पांच साल से काम करवा रहा हूं। जितेंद्र सचान ने पैसे देकर भाजपा से टिकट ले लिया है। अब उनको हार का डर है। इसलिए वह मेरे समर्थकों को निशाना बना रहे हैं।
अखिलेश बाजपेई व उनके समर्थकों ने भाजपा प्रत्याशी पर जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रत्याशी ने भी जातिसूचक गाली देने का आरोप लगाया है।
प्रत्याशी व समर्थकों ने किया थाने का घेराव
भाजपा प्रत्याशी पर एक्शन न लेने और शिकायत न सुने जाने पर निर्दलीय प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने बर्रा थाने का घेराव कर दिया। एफआईआर न लिखे जाने से नाराज लोग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। वहीं पुलिस ने मामले में अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। पुलिस के मुताबिक जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
बर्रा थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों ही प्रत्याशियों ने एक-दूसरे पर जातिसूचक गालियों और मारपीट का आरोप लगाया है। इस दौरान कई लोग घायल भी हो गए। वहीं मारपीट की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला किसी तरह शांत कराया। दोनों तरफ से बड़ी संख्या में लोग बर्रा थाने में एकत्रित हो गए थे। तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।