Kanpur News : कानपुर ऑयल फैक्टरी में लगी आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद
Kanpur News: Fire broke out in Kanpur Oil Factory, many fire tenders present on the spot
भारत
चेतना मंच
31 Mar 2023 09:15 PM
Kanpur News : कानपुर देहात। यूपी के कानपुर में देर रात कपड़ा मार्केट में आग लगने के बाद सुबह एक और बड़ी आगजनी की घटना हुई। कानपुर देहात के रनियां औद्योगिक क्षेत्र में एक ऑयल फैक्टरी में आग लग गई। दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने की मशक्कत में लगी हुई हैं। बताया जा रहा है कि बीते चार साल से बंद पड़ी एक ऑयल फैक्टरी में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। तेज हवा से आग विकराल होती चली गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग काबू करने के प्रयास शुरू किए।
Kanpur News :
हो रहा था मेंटेनेंस का काम
यह आग रनियां क्षेत्र के उमरन गांव स्थित हाईवे किनारे खाद्य तेल बनाने वाली लक्ष्मी वनस्पति फैक्टरी में लगी है। आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि बीते चार साल से फैक्ट्ररी में उत्पादन कार्य बंद है। सूत्रों के मुताबिक यहां मेंटेनेंस का काम शुरू कराया गया था। आग बढ़ने पर लपटें और धुएं के गुबार छा गए।
एक किमी तक दिखा काला धुआं
प्रत्यक्षदर्शीयों के अनुसार फैक्टरी में लगी आग का काला धुआं एक किलोमीटर दूर तक आसमान में दिखाई दे रहा था। इससे आसपास के लोगों में अफरा तफरी का माहौल हो गया। घटना की जानकारी पर सीएफओ सुरेंद्र सिंह एक फायर टैंकर और एक पोर्टेबल पंप लेकर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने आग पर पानी डालकर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।
घटना स्थल पर पहुंचा सरकारी अमला
इधर जानकारी पर एसपी, एएसपी, सीओ सदर सहित इंस्पेक्टर रनियां कपिल दुबे भी घटनास्थल पर पहुंच गए। फैक्टरी में काम करने वाले वेद प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि फिर से फैक्टरी चलाने के लिए मेंटेनेंस का कार्य शुरू किया गया है। इस दौरान आग लग गई। दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए जुटी हुई हैं।