Kanpur News : पहले मां को मारा फिर फांसी लगा कर दे दी जान,3 महीने पहले हुई थी युवक की शादी
Kanpur News :
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 01:00 PM
Kanpur News : यूपी के कानपुर से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई हैं। यहां नजीराबाद थाने के आरके नगर क्षेत्र में युवक ने अपनी मां की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर जान दे दी। भाई की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर जांच करने पहुंची। प्राथमिक जांच में परिवारिक कलह में मर्डर व सुसाइड का केस लग रहा है। घर का दरवाजा अंदर से बंद था।
पुलिस दरवाजा तोड़कर भीतर घुसी
आरके नगर निवासी विवेक उर्फ निखिल वर्मा (28) पांच भाई थे। पिता शिव शंकर का निधन होने के बाद से घर में मौजूदा समय में विवेक, रोहित और मनी रहते थे, जबकि दुर्गेश अपने परिवार के साथ गुमटी और रूपेंद्र लखनऊ में रहता था। देर रात को जब प्रयागराज निवासी बहन प्रियंका ने मां को फोन किया तो रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद भाई विवेक को किया तो उसके भी फोन पर कोई रिस्पांस नहीं मिला। इसके बाद अपने दूसरे भाई दुर्गेश को फोन किया। दुर्गेश घर पहुंचा और देर दरवाजा खटखटाने के बाद भी भीतर से कोई रिस्पांस नहीं मिला।
Kanpur News : फांसी पर बेटे, जमीन पर मां का शव
इस पर उसने पास में स्थित पुलिस चौकी पर संपर्क किया। पुलिस जब दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी तो सभी दंग रह गए। निखिल का शव पंखे के सहारे फांसी के फंदे से लटक रहा था, जबकि मां का शव जमीन पर पड़ा था। जीभ बाहर निकली हुई थी। थाना प्रभारी कौशलेंद्र ने मौके पर फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया।
Kanpur News : तीन महीने पहले बेटे की हुई थी शादी
पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि विवेक की तीन महीने पहले इलाके के बाला जी चौक निवासी प्रियंका से शादी हुई थी, लेकिन शादी के बाद से घर में सब ठीक नहीं चल रहा था। परिवारिक कलह दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही थी। इसी के चलते तीन दिन पहले प्रियंका मायके चली गई थी। आशंका है कि पत्नी को लेकर ही मां-बेटे में विवाद हुआ। इसके बाद मां की गला घोंटकर हत्या के बाद विवेक ने खुद फांसी लगाकर जान दे दी।
प्राथमिक जांच में घरेलू कलह आई वजह
डीसीपी सेंट्रल प्रमोद कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच के मुताबिक बेटे ने घरेलू कलह के चलते मां की हत्या कर दी है। इसके बाद खुद फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद दोनों का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत एकत्र किए हैं। परिवार व पड़ोसियों से पूछताछ के बाद जांच की जाएगी।