
Kanpur Update : उत्तर प्रदेश के कानपुर (Kanpur Update) में पिछले दिनों हुए उपद्रव के 40 आरोपियों का पोस्टर कानपुर पुलिस की की ओर से जारी किया गया है। यह पहला पोस्टर है। संभावना जताई जा रही है कि अन्य उपद्रवियों की पहचान करने के बाद में एक और पोस्टर जारी हो सकता है। पुलिस की ओर से आज जारी किए गए पोस्टर में 40 उपद्रवी पत्थर फेंकते हुए नजर आ रहे हैं। इन पोस्टरों को कानपुर के चौक चौराहों के अलावा गली मोहल्लों में भी लगाया गया है। इन पोस्टर में दिख रहे लोगों की पहचान कराने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान गुप्त रखे जाने का दावा पुलिस की ओर से किया जा रहा है।
आपको बता दें कि पिछले दिनों कानपुर के बेकनगंज इलाके में भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा द्वारा की गई विवादित टिप्पणी के बाद एक समुदाय के लोगों ने बाजार बंद करने का आह्वान किया था। बाजार बंद न किए जाने और दुकानें बंद करने का विरोध करने पर उपद्रव हो गया था। जिसमें एक पक्ष के लोगों द्वारा जमकर पत्थरबाजी की गई थी। इस उपद्रव में दर्जनों लोग घायल हो गए थे। उसी दिन पुलिस ने 18 लोगों को हिरासत में भी लिया था।
अब पत्थरबाजी करने वाले आरोपियों की पहचान करने के लिए पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो सैकड़ों लोग ऐसे दिखाई दिए, जो पत्थरबाजी कर रहे थे। इन आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसने के लिए सोमवार को पुलिस ने 40 आरोपियों का पहला पोस्टर जारी किया है।
पुलिस की ओर से जारी किए पोस्टर में युवा वर्ग के कुछ लोग पत्थर फेंकते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस की ओर से इन पोस्टर को कानुपर के सभी प्रमुख चौक चौराहों के अलावा गली मोहल्लों और कालोनियों में भी लगाए जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। पुलिस की ओर से दावा किया जा रहा है कि आरोपियों का नाम और पता बताने वाले व्यक्ति को पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा।