गैंगस्टर की हिट लिस्ट में कपिल शर्मा! क्या होने वाला है बड़ा हमला?
भारत
RP Raghuvanshi
08 Aug 2025 04:12 PM
कभी सिर्फ चुटकुले सुनाकर लोगों को हंसी के ठहाके लगवाने वाले कपिल शर्मा (Kapil Sharma) आज खुद डर और धमकियों के साए में जी रहे हैं। ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के होस्ट और दुनियाभर में मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा की जिंदगी इन दिनों किसी थ्रिलर फिल्म जैसी हो गई है जहां हर मोड़ पर डर और खतरा दोनों है। Kapil Sharma
कनाडा में कपिल के कैफे पर दोबारा फायरिंग
कनाडा के सरे (Surrey) शहर में स्थित कपिल शर्मा के कैफे ‘Caps Café’ पर बीते बुधवार सुबह फिर से गोलियां बरसाईं गईं। हमला तड़के 4:40 बजे हुआ जब कुछ नकाबपोश हमलावर एक गाड़ी से उतरे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस बार हमले में करीब 25 राउंड गोलियां चलीं। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ लेकिन कैफे की दीवारें, खिड़कियां और कपिल का नाम सब कुछ इन गोलियों की गूंज से कांप उठा।
हमलावर कैमरे में कैद
इस हमले की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें हमलावर खुलेआम गोलियां चलाते दिख रहे हैं। हमले के बाद कनाडा की सरे पुलिस और डेल्टा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी है। अब सुरक्षा बढ़ा दी गई है लेकिन सवाल उठता है आखिर कपिल शर्मा को निशाना क्यों बनाया जा रहा है?
गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों बना नया विलेन
इस हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने ली है, जो खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताता है। गोल्डी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “हमने कपिल शर्मा को फोन किया था पर जवाब नहीं मिला... अब भी जवाब नहीं मिला तो अगला एक्शन मुंबई में होगा।” गोल्डी की इस धमकी ने ना सिर्फ फैंस को बल्कि भारतीय एजेंसियों को भी हिला दिया है। मुंबई पुलिस ने कपिल शर्मा की सुरक्षा बढ़ा दी है और संभावित खतरों को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है।
पहले खालिस्तानी आतंकी ने भी लिया था हमला करने का जिम्मा
यह पहली बार नहीं है जब कपिल शर्मा को टारगेट किया गया है। 10 जुलाई को भी इसी कैफे पर फायरिंग हुई थी जिसकी जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लड्डी ने ली थी। उसका आरोप था कि कपिल ने अपने शो में निहंग सिखों की वेशभूषा और आचरण का मजाक उड़ाया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। हरजीत सिंह लड्डी, BKI (बब्बर खालसा इंटरनेशनल) का सदस्य और एनआईए की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल है।
कॉमेडियन की जिंदगी अब स्क्रिप्टेड नहीं
कभी लाखों दिलों को हंसाने वाला शख्स आज खुद जान के डर में जी रहा है। कॉमेडी की दुनिया का किंग आज गैंगस्टरों की हिटलिस्ट में है। यह केवल मनोरंजन जगत का मसला नहीं रह गया, बल्कि अब यह मामला अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और धार्मिक असहिष्णुता से भी जुड़ता नजर आ रहा है।
कनाडा और भारत की पुलिस एजेंसियां एक्शन में हैं। कपिल शर्मा की मुंबई स्थित संपत्तियों और निजी सुरक्षा को लेकर विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। गोल्डी ढिल्लों और अन्य संदिग्धों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सहयोग के तहत जांच शुरू हो चुकी है। क्या कपिल शर्मा का मज़ाक अब उनकी सबसे बड़ी मुश्किल बन गया है सवाल अब सिर्फ ये नहीं है कि कपिल शर्मा ने ऐसा क्या कहा या किया, बल्कि बड़ा सवाल ये है कि क्या अब हंसाना भी खतरनाक हो गया है? Kapil Sharma