
Karnataka Election Result 2023: बेंगलुरु। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी को करारा झटका लगा है। चुनाव आयोग से मिले रूझानों के मुताबिक कर्नाटक में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाते दिख रही है। जबकि जेडीएस तीसरे स्थान पर खिसक गई है। बहुमत के आंकड़ों को छू रही कांग्रेस को कर्नाटक में ऑपरेशन लोटस का डर भी सता रहा है।
कर्नाटक में आज सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती जारी है। रुझानों में कांग्रेस को बहुमत मिलता दिख रहा है। पार्टी 124 सीटों पर आगे है। वहीं, बीजेपी 72 सीटों पर आगे है, जबकि जेडीएस 26 पर आगे है. कांग्रेस ने बेंगलुरु के 5 स्टार हिल्टन होटल में 50 कमरे बुक किए हैं। जीते हुए विधायकों को रात 8 बजे तक होटल में पहुंचने के लिए कहा गया है। कल कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी।
10 मई को कर्नाटक की 224 सीटों पर मतदान हुआ था। कांग्रेस के नेता डीके शिवकुमार के घर जश्न शुरू हो गया है। कार्यकर्ता आतिशबाजी कर रहे हैं और एक-दूसरे को मिठार्ई खिला रहे हैं। कर्नाटक में भाजपा ने अपनी हार मान ली है।