Karnataka News : जद(एस) कर्नाटक में अपने दम पर बनाएगी सरकार: कुमार
Karnataka News
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 05:23 AM
Karnataka News : बेंगलुरु। जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच डी कुमारस्वामी ने त्रिशंकु विधानसभा की संभावना को खारिज करते हुए शनिवार को विश्वास जताया कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में अपने पारंपरिक पुराने मैसुरु क्षेत्र के इतर भी अच्छा प्रदर्शन करेगी और कर्नाटक में अपने दम पर सरकार बनाएगी।
Karnataka News
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि खासतौर से ग्रामीण इलाकों में उनकी स्थिति मजबूत है और लोग कह रहे हैं कि ‘‘इस बार कुमार अन्ना है’’। कुमारस्वामी को उनके समर्थक कुमार अन्ना बुलाते हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने संभवत: मई में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए 93 उम्मीदवारों की सूची पहले ही जारी कर दी है तथा करीब 10 दिन में 50-60 और उम्मीदवारों की दूसरी सूची की घोषणा करेगी।
कुमारस्वामी ने कहा, मेरी राय में इस बार स्पष्ट बहुमत की सरकार बनेगी, मुझे इस पर भरोसा है, मैं यह इसलिए कह रहा हूं क्योंकि मैंने लोगों की नब्ज पकड़ ली है। पहले कहा जाता था कि जद(एस) पुराने मैसूरु क्षेत्र के कुछ निर्वाचन क्षेत्रों तक सीमित है। आज, उन सीमाओं से आगे बढ़ते हुए मुझे उस लक्ष्य तक पहुंचने का विश्वास है जो हमने तय किया है।
बेंगलुरु प्रेस क्लब में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि त्रिशंकु परिणाम का सवाल ही नहीं उठता और वह तथा उनकी पार्टी 123 सीट (224 सदस्यीय विधानसभा में) हासिल करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और हम इसे हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर, कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा के नाम पर वोट मांगती है जबकि जद (एस) इकलौती पार्टी है जो अपने कार्यक्रमों के लिए जनादेश मांग रही है।
उन्होंने कहा कि जद(एस) के 123 सीट के लक्ष्य को हासिल करने के लिए वह एक दिन में 18 घंटे काम कर रहे हैं और महज तीन घंटे सो रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं एक दिन में 140 किलोमीटर की यात्रा करते हुए 45 निर्वाचन क्षेत्र से गुजरा और 20 मार्च तक 116 निर्वाचन क्षेत्रों तक जाऊंगा।