Karnataka News : प्रदर्शन के बाद बेलगावी में शांति : कर्नाटक पुलिस
Peace in Belagavi after protests: Karnataka Police
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:38 AM
बेलगावी (कर्नाटक)। कर्नाटक-महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र में विधानसभा का सत्र शुरू होने के पहले हो रहे प्रदर्शनों के बाद अब शांति बनी हुई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीमावर्ती जिले बेलगावी में पूरी तरह शांति है। दोनों राज्यों के बीच वाहनों की आवाजाही सामान्य है और चिंता की कोई बात नहीं है। एहतियाती कदम के तौर पर कर्नाटक में बेलगावी को महाराष्ट्र से जोड़ने वाले पुल पर अवरोधक लगाए गए हैं।
तिलकवाड़ी के एक मैदान में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जहां मध्यवर्ती महाराष्ट्र एकीकरण समिति (एमएमईएस) 19 दिसंबर को प्रदर्शन की योजना बना रही थी। अधिकारी ने कहा कि एमएमईएस आंदोलन रोक दिया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर हम वहां सुरक्षाबलों को तैनात कर रहे हैं।
एमएमईएस चाहती थी कि महाराष्ट्र के नेता बेलगावी का महाराष्ट्र में विलय करने के लिए कर्नाटक सरकार पर दबाव बनाने के मकसद से आयोजित उनके कार्यक्रम में भाग लें।
Karnataka News
जिला प्रशासन ने कानून एवं व्यवस्था की स्थिति का हवाला देते हुए महाराष्ट्र के नेताओं को बेलगावी आने की मंजूरी देने से इनकार कर दिया था। इस बीच, कर्नाटक के विधायकों ने सीमा मुद्दे पर राज्य के रुख को दोहराते हुए दोनों सदनों में एक प्रस्ताव पारित करने का फैसला किया है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र पड़ोसी राज्य कर्नाटक में बेलगावी और कुछ अन्य क्षेत्रों के विलय की इस आधार पर मांग कर रहा है कि इन क्षेत्रों में मराठी भाषी लोगों की अच्छी-खासी तादाद है।