करवा चौथ 2025: पूजा से लेकर अर्घ्य तक, जानें क्या करें क्या न करें?
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:46 AM
करवा चौथ केवल एक व्रत नहीं बल्कि पति-पत्नी के रिश्ते की अटूट डोर और समर्पण का प्रतीक माना जाता है। यह पर्व विशेष रूप से उत्तर भारत में बड़े श्रद्धा-भाव से मनाया जाता है। इस दिन विवाहित महिलाएं निर्जला व्रत रखकर अपने पति की लंबी उम्र और वैवाहिक जीवन की सुख-शांति की कामना करती हैं।
पौराणिक मान्यता है कि अगर करवा चौथ के दिन कुछ विशेष कार्य पूरे मन से किए जाएं तो मां पार्वती और भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है। इससे न केवल वैवाहिक जीवन में सौभाग्य बना रहता है बल्कि समृद्धि और सुख-शांति भी बढ़ती है। आइए जानते हैं करवा चौथ 2025 के दिन किए जाने वाले 6 विशेष कार्य जो आपके जीवन में शुभता का संचार कर सकते हैं। Karwa Chauth
सच्चे मन से करें 'ऊं नम: शिवाय' का जाप
करवा चौथ पर माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा करें और फिर 108 बार "ॐ नम: शिवाय" मंत्र का जाप करें। इस दिन लाल, गुलाबी या पीले रंग के वस्त्र पहनना विशेष फलदायी माना जाता है। कोशिश करें कि काले रंग के कपड़े न पहनें क्योंकि यह रंग अशुभ माना जाता है।
पूजा के करवे में रखें जल
पूजन के समय करवे में शुद्ध जल भरकर माता गौरी के सामने रखें। ऐसा माना जाता है कि यह करवा पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य का प्रतीक होता है। पूजा समाप्त होने के बाद यह जल तुलसी या पीपल के वृक्ष की जड़ में अर्पित करें।
घर का बना हुआ भोजन ही करें ग्रहण
करवा चौथ जैसे पवित्र व्रत के दिन घर का बना शुद्ध भोजन ही सेवन करें। बाहर का खाना, विशेषकर रेस्टोरेंट आदि में जाकर भोजन करने से व्रत की पवित्रता भंग होती है। इस दिन जितना हो सके सात्विकता और शुद्धता का पालन करें।
जरूरतमंदों को करें दान
शाम के समय किसी जरूरतमंद महिला को भोजन कराना या सुहाग सामग्री जैसे चूड़ियां, बिंदी, सिंदूर, कंघी आदि का दान करना अत्यंत पुण्यकारी माना गया है। इससे माता पार्वती की विशेष कृपा बनी रहती है और सौभाग्य में वृद्धि होती है।
जब रात को चांद निकल आए और महिलाएं चलनी से चंद्र दर्शन करें, तब अर्घ्य देते समय मन ही मन पति का नाम लें और प्रार्थना करें कि आपके रिश्ते में जीवनभर मिठास बनी रहे, कभी कोई दूरी न आए।
खिड़की या आंगन में जलाएं दीपक
व्रत खोलने के बाद आंगन या घर की खिड़की में एक दीपक जरूर जलाएं। मान्यता है कि यह दीपक सौभाग्य का प्रतीक होता है और इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बना रहता है। यह घर की लक्ष्मी को भी प्रसन्न करता है। Karwa Chauth