केदारनाथ यात्रा में बाल-बाल बची 6 ज़िंदगियाँ, हेलिकॉप्टर की क्रैश-लैंडिंग, ब्लेड कार से टकराया
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:16 AM
उत्तराखंड/ देहरादून: रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब देहरादून से केदारनाथ जा रहा एक हेलिकॉप्टर अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह घटना उत्तराखंड के गौरीकुंड क्षेत्र की है, जहां हेलिकॉप्टर की क्रैश-लैंडिंग करनी पड़ी। हेलिकॉप्टर में कुल छह लोग सवार थे, जो इस खतरनाक घटना में चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गए।
त्रिजुगीनारायण और गौरीकुंड के बीच गायब हुआ संपर्क
उत्तराखंड पुलिस के एडीजी (कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरूगेशन ने बताया कि हेलिकॉप्टर का संपर्क त्रिजुगीनारायण और गौरीकुंड के बीच अचानक टूट गया था। इसके बाद तलाश शुरू हुई और पता चला कि हेलिकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश में क्रैश हो गया।
ब्लेड टूटकर कार से टकराया
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि उड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर के फ्लाइट कंट्रोल्स जाम हो गए थे, जिससे पायलट को मजबूरन क्रैश-लैंडिंग करनी पड़ी। इस दौरान हेलिकॉप्टर का रोटर ब्लेड टूटकर अलग हो गया और पास खड़ी एक कार से टकरा गया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।