विज्ञापन
Khan Sir: खान सर का असली नाम फैसल खान बताया जाता है। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक साधारण परिवार में हुआ था। शुरुआती शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से विज्ञान विषय में स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई की।

Khan Sir News: आज अगर देश के सबसे लोकप्रिय शिक्षकों की बात की जाए तो खान सर का नाम जरूर लिया जाता है। सोशल मीडिया, यूट्यूब और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच उनकी पहचान किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं है। अपने अनोखे पढ़ाने के अंदाज, सरल भाषा और मजेदार उदाहरणों के जरिए उन्होंने लाखों छात्रों के दिलों में खास जगह बनाई है लेकिन इन दिनों खान सर सिर्फ पढ़ाई की वजह से नहीं बल्कि एक नए विवाद को लेकर चर्चा में हैं। ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर खान सर कौन हैं, उनकी कोचिंग फीस कितनी है, वे कौन-कौन से कोर्स कराते हैं और उनका इतना बड़ा नेटवर्क कैसे बना?
खान सर का असली नाम फैसल खान बताया जाता है। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक साधारण परिवार में हुआ था। शुरुआती शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से विज्ञान विषय में स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई की। इसके अलावा उन्होंने भूगोल विषय में भी उच्च शिक्षा प्राप्त की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने छात्रों को पढ़ाना शुरू किया। उनकी सबसे बड़ी खासियत यह रही कि उन्होंने कठिन विषयों को भी बेहद आसान भाषा में समझाया। यही वजह है कि कम समय में उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ती चली गई।
खान सर ने साल 2010 में खान ग्लोबल स्टडीज की शुरुआत की थी। शुरुआत में पटना में एक छोटे से बैच में केवल छह छात्रों को पढ़ाया जाता था। उस समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह छोटा सा संस्थान एक दिन देशभर के छात्रों के बीच इतना लोकप्रिय हो जाएगा। कोरोना महामारी के दौरान जब ऑनलाइन शिक्षा का दौर शुरू हुआ तो खान सर के वीडियो और क्लासेस तेजी से वायरल होने लगे। उनकी पढ़ाने की शैली ने लाखों छात्रों को आकर्षित किया और देखते ही देखते उनका नाम देश के बड़े शिक्षकों में शामिल हो गया। आज खान ग्लोबल स्टडीज के सेंटर बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत कई राज्यों में मौजूद हैं और ऑनलाइन माध्यम से भी करोड़ों छात्र उनसे जुड़े हुए हैं।
खान सर मुख्य रूप से जनरल स्टडीज, भूगोल, इतिहास, राजनीति, अर्थव्यवस्था और करंट अफेयर्स जैसे विषय पढ़ाते हैं। उनकी कोचिंग विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए काफी लोकप्रिय मानी जाती है। यूपीएससी, बीपीएससी और राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं के अलावा एसएससी, रेलवे, बैंकिंग, पुलिस भर्ती, एनडीए, सीडीएस और अन्य सरकारी नौकरियों की तैयारी करने वाले छात्र भी बड़ी संख्या में उनके कोर्स जॉइन करते हैं। यही कारण है कि देश के अलग-अलग राज्यों से छात्र ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उनकी क्लासेस में हिस्सा लेते हैं।
खान सर की लोकप्रियता की एक बड़ी वजह उनकी अपेक्षाकृत कम फीस भी मानी जाती है। उनका दावा रहा है कि अच्छी शिक्षा सिर्फ अमीर छात्रों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। ऑनलाइन बैचों की फीस कुछ सौ रुपये से शुरू होकर कुछ हजार रुपये तक जाती है। वहीं ऑफलाइन कोर्स की फीस कोर्स और अवधि के अनुसार अलग-अलग होती है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले कई छात्र कम फीस की वजह से भी खान ग्लोबल स्टडीज को प्राथमिकता देते हैं।
कोरोना काल में जब देशभर के छात्र ऑनलाइन पढ़ाई की ओर बढ़े तब खान सर के यूट्यूब वीडियो तेजी से लोकप्रिय हुए। उनके पढ़ाने का देसी अंदाज और हास्य से भरपूर उदाहरण छात्रों को पसंद आने लगे। आज उनका यूट्यूब चैनल देश के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले शैक्षणिक चैनलों में गिना जाता है। ऑनलाइन कोर्स, मोबाइल एप्लीकेशन और किताबों के जरिए भी उनकी पहुंच लगातार बढ़ी है।
शिक्षा के अलावा खान सर सामाजिक कार्यों को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। पटना में उनके सहयोग से शुरू किए गए अस्पताल की काफी चर्चा हुई थी। दावा किया गया कि यहां आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहद कम खर्च में जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। कम लागत में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल को लेकर भी उन्हें काफी सराहना मिली थी।
हाल के दिनों में खान सर का नाम एक बार फिर विवादों के कारण चर्चा में है। पटना के मुसल्लहपुर इलाके में स्थित उनकी कोचिंग के बाहर हुई तोड़फोड़ और हंगामे के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में ज्ञानबिंदु जीएस अकादमी के संचालक रोशन आनंद का नाम सामने आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार भी किया। बाद में जांच के दौरान खान सर के खिलाफ भी मामला दर्ज होने की खबर सामने आई जिसके बाद यह विवाद और चर्चा में आ गया।
विज्ञापन