विज्ञापन
विज्ञापन

Khan Sir : देश के प्रतिष्ठित शिक्षकों में शुमार और करोड़ों छात्रों के प्रेरणास्रोत खान सर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि इस बार चर्चा का विषय उनकी अनोखी शिक्षण शैली या परीक्षा की तैयारी संबंधी टिप्स नहीं, बल्कि उनका व्यक्तिगत जीवन है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में खान सर ने स्वयं इस बात की पुष्टि की है कि उन्होंने हाल ही में शादी रचा ली है—वो भी बेहद सादगी और गोपनीयता के साथ।
खान सर ने इस बात की जानकारी अपने यूट्यूब चैनल पर दी। अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए वीडियो में खान सर कहते हैं, "तुम लोगों को एक चीज हमने बताई नहीं है। इसी युद्ध (संघर्ष) के दौरान हम ब्याह भी कर लिए हैं। अब आप लोगों के लिए भोज की व्यवस्था हम कर रहे हैं... हमने सबसे पहले आपको यह बात बताई, क्योंकि हमारा वजूद आपसे ही है।" खान सर ने छात्रों के प्रति अपने जुड़ाव और ईमानदारी का परिचय देते हुए यह भी कहा कि भोज जून के पहले सप्ताह, संभवतः 6 जून को आयोजित किया जाएगा।
बिहार से आने वाले फैजल खान, जिन्हें दुनिया 'खान सर' के नाम से जानती है, प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के क्षेत्र में एक मिसाल बन चुके हैं। पारंपरिक शिक्षा पद्धति से हटकर, वे कठिन विषयों को भी सहज और रोचक उदाहरणों से समझाने के लिए जाने जाते हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान, जब देशभर में शिक्षण संस्थान बंद हो गए थे, तब उन्होंने 2019 में 'Khan GS Research Centre' नाम से यूट्यूब चैनल शुरू किया। छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, यही उनकी पहली प्राथमिकता थी। आज इस चैनल पर 24.6 मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर्स हैं और यह देश के सबसे बड़े शैक्षिक यूट्यूब चैनलों में शामिल है।
महंगी कोचिंग संस्थानों की भीड़ में खान सर ने एक ऐसा विकल्प प्रस्तुत किया, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बेहद किफायती दर पर मिलती है। वे ऑनलाइन माध्यम से उन छात्रों तक भी पहुंच सके, जो आर्थिक या भौगोलिक कारणों से शहरों में आकर पढ़ाई नहीं कर सकते थे। 2021 में उन्होंने एक मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया, जो छात्रों के लिए एक समर्पित डिजिटल शिक्षा मंच बन गया। Khan Sir
विज्ञापन