
Rail Fare Hike : जुलाई की शुरुआत एक बार फिर आम जनता के लिए कई बड़े बदलावों की दस्तक लेकर आई है। इनमें सबसे अहम बदलाव भारतीय रेलवे से जुड़ा है, जिसने यात्रियों की जेब पर सीधा असर डाला है। 1 जुलाई 2025 से रेल किराये में बढ़ोतरी की गई है, जो खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को झटका देने वाली है। साथ ही, तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में भी बदलाव लागू कर दिए गए हैं।
भारतीय रेलवे द्वारा जारी किए गए नये किराया ढांचे के अनुसार, अब मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में सेकंड क्लास टिकटों के लिए 1 पैसा प्रति किलोमीटर और एसी ट्रेनों के लिए 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, 500 किलोमीटर तक की यात्रा पर यह बढ़ोतरी लागू नहीं होगी, यानी छोटी दूरी के यात्रियों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। लेकिन 500 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करने वाले यात्रियों को प्रति किलोमीटर 0.5 पैसा अतिरिक्त चुकाना होगा।
उदाहरण के तौर पर, अगर कोई यात्री दिल्ली से पटना राजधानी एक्सप्रेस में सफर करता है, तो पहले जो किराया 2485 रुपये था, वह अब बढ़कर 2505 रुपये हो गया है। इसी प्रकार, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस की 3AC श्रेणी में यात्रा करने पर किराया 1350 रुपये से बढ़कर 1370 रुपये हो गया है। वहीं दिल्ली से मुंबई के बीच की दूरी करीब 1386 किलोमीटर है। राजधानी एक्सप्रेस में अब तक 3AC के लिए 3080 रुपये किराया लगता था, जो अब बढ़कर 3107 रुपये हो गया है। स्लीपर क्लास या नॉन-एसी श्रेणी के यात्रियों पर भी यह बदलाव असर डालेगा। दिल्ली से पटना की स्लीपर यात्रा का किराया 510 रुपये से बढ़कर अब 520 रुपये कर दिया गया है। यह वृद्धि 1 पैसा प्रति किलोमीटर के हिसाब से लागू की गई है।
रेल किराया ही नहीं, तत्काल टिकट बुकिंग नियमों में भी रेलवे ने बड़ा बदलाव किया है। अब तत्काल टिकट सिर्फ वही यात्री बुक कर पाएंगे जिनका IRCTC अकाउंट आधार से प्रमाणित होगा। रेलवे के मुताबिक, यह कदम तत्काल टिकटों में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए उठाया गया है। इसके अतिरिक्त, 15 जुलाई से OTP आधारित आधार वेरिफिकेशन भी अनिवार्य कर दिया जाएगा, जिससे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी हो सकेगी। Rail Fare Hike