Kolkata News : ईडी की कार्रवाई के बाद ममता ने की मंत्री पार्थ की छुट्टी
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 01:46 PM
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 01:46 PM
Koklata: कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मंत्री और टीएमसी के कद्दावर नेता पार्थ चटर्जी की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी अपने गिरफ्तार मंत्री को करारा झटका दिया है। गुरुवार को कैबिनेट की बैठक में ममता बनर्जी ने उद्योग व संसदीय कार्य मंत्री पार्थ चटर्जी की मंत्री पद से छुटी कर दी है। इस संबंध में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। फिलहाल ममता बनर्जी ने पार्थ के सभी विभाग अपने पास रखे हैं। दूसरी ओर ममता के भतीजे तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पार्थ को लेकर पार्टी की अनुशासनात्मक कमेटी की शाम पांच बजे बैठक बुलाई है। उसमें पार्टी से पार्थ चटर्जी को पार्टी में भी सभी पदों से हटाने पर निर्णय लिया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि पार्थ चटर्जी की महिला मित्र अर्पिता मुखर्जी के बेलघरिया स्थित फ्लैट से भी 50 करोड़ से अधिक रुपये मिलने के बाद आज ही पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ने भी पार्थ चटर्जी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने पार्थ को मंत्री पद से हटाने के साथ ही पार्टी से भी निष्घ्कासित करने की मांग की है।
गौरतलब है कि बुधवार को मंत्री पद से इस्तीफे के मीडिया के सवाल पर पार्थ चटर्जी भड़क गए थे। वह बोले कि इसकी जरूरत क्या है। चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी के बेलघरिया स्थित फ्लैट से बुधवार की रात ईडी ने 27.90 करोड़ नकदी और छह किलो सोना बरामद किए हैं। इसके पहले टालीगंज फ्लैट से 22 करोड़ रुपये नकद, 79 लाख का सोना, कई जमीन और फ्लैट के दस्तावेज मिले हैं।
उद्योग मंत्री पार्थ चटर्जी की पीएचडी डिग्री को लेकर भी अब सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि पार्थ को पीएचडी डिग्री देने के लिए उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों, विभागीय प्रमुख से लेकर आला अधिकारियों तक ने विभिन्न क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन किया है। यह भी कहा जा रहा है कि छह महीने के कोर्स वर्क के लिए क्लास में 75 प्रतिशत उपस्थिति जरूरी है, जबकि पार्थ चटर्जी महज दो दिन ही क्लास में हाजिर हुए थे।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने ट्वीट कर तृणमूल सांसद सौगत राय पर आरोप लगाया है कि राय भी बेलघरिया के उस हाउसिंग कांप्लेक्स में जाते थे, जहां अर्पिता मुखर्जी का फ्लैट है। उसी फ्लैट से करोड़ों की नकदी और सोना मिला है। इस आरोप को सौगत राय ने आधारहीन बताया है। उन्होंने कहा कि मैं कभी अर्पिता मुखर्जी से नहीं मिला। वहां पार्टी का एक आफिस है, जहां मैं जाता था। मैं घोष के बयान का कड़े शब्दों में भर्त्सना करता हूं। अगर कोई यह साबित कर दे कि मेरा अर्पिता से संबंध है तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।