Kolkata News : पार्थ चटर्जी को एयर एम्बुलेंस से भुवनेश्वर एम्स ले जाया गया
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 09:58 AM
Kolkata: कोलकाता। शिक्षक भर्ती घोटाले (teacher recruitment scam)में गिरफ्तार पश्चिम बंगाल के मंत्री पार्थ चटर्जी (West Bengal Minister Partha Chatterjee)को कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश पर ‘एयर एम्बुलेंस’ के जरिए सोमवार को भुवनेश्वर स्थित एम्स ले जाया गया। कथित घोटाले को लेकर ईडी की जांच के सिलसिले में चटर्जी को गिरफ्तार किया गया है। जब यह कथित घोटाला हुआ था, उस समय चटर्जी शिक्षा मंत्री थे। ईडी के एक अधिकारी ने कहा कि कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार उन्हें एयर एम्बुलेंस से भुवनेश्वर ले जाया गया है।
उन्होंने कहा कि हमारे अधिकारी उन्हें लेने के लिए ओडिशा हवाई अड्डे पर मौजूद हैं। इससे पहले चटर्जी को सरकारी एसएसकेएम अस्पताल से एक एम्बुलेंस के जरिए कोलकाता हवाई अड्डे ले जाया गया। चटर्जी का एसएसकेएम अस्पताल में इलाज चल रहा था। कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चटर्जी को ले जाने के लिए हरित गलियारा बनाया गया था, जिससे वह करीब 30 मिनट में यहां हवाई अड्डे पहुंच गए। ईडी के अधिकारी ने बताया कि चटर्जी के दो वकील भी उनके साथ यात्रा कर रहे हैं। राज्य के उद्योग एवं संसदीय मामलों के मंत्री चटर्जी को कोलकाता की एक निचली अदालत ने सोमवार तक ईडी की हिरासत में भेजा था।