
Kumar Vishwas : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर खालिस्तान से संबंध होने के गलत आरोप लगाए जाने के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने मशहूर कवि कुमार विश्वास (Kumar Vishvas) को बड़ी राहत दी है। हाई कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए कुमार विश्वास की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दिया है, हालांकि उन पर लगे आरोपों को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में अभी भी सुनवाई जारी रहेगी।
क्या है मामला? मशहूर कवि कुमार विश्वास पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली के आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर खालिस्तान से संबंध होने का बेबुनियाद आरोप लगाया था। कुमार पर आरोप है कि उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान अरविंद केजरीवाल को लेकर कई आपत्तिजनक बातें कहीं। साथ ही पंजाब विधानसभा चुनाव के वक्त कुमार विश्वास ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भड़काऊ भाषण दिया जिसके बाद पंजाब के कई हिस्सों में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया था।
इस मामले को लेकर नरिंदर सिंह नाम के एक व्यक्ति ने नस्ल तथा धर्म के आधार पर शत्रुता पैदा करने की आरोपों को लेकर कुमार विश्वास पर रोपड़ के सदर थाने में पंजाब पुलिस द्वारा मुकदमा करवाया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पंजाब पुलिस की एक टीम कुमार विश्वास को समन देने के लिए उनके घर गाजियाबाद पहुंची। इसको लेकर कुमार विश्वास ने एक ट्वीट भी किया था। अपने ट्वीट में कुमार विश्वास ने लिखा था कि 'मुख्यमंत्री भगवंत मान यह सब कुछ जिसके इशारे पर करवा रहे हैं बाद में वही पंजाब और भगवंत मान को धोखा देगा।'