लखीमपुर खीरी कांड: भारी दबाव के बाद आशीष मिश्रा पहुंचा क्राइम ब्रांच दफ्तर
भारत
चेतना मंच
09 Oct 2021 12:08 PM
-सुप्रीम कोर्ट योगी सरकार को लगा चुकी है फटकार
-मजिस्ट्रेट के समक्ष पुलिस कर रही है आशीष मिश्रा के बयान कलमबंद
-क्या आशीष मिश्रा को हिरासत में लेगी पुलिस, है बड़ा सवाल
लखनऊ। सु्रपीम कोर्ट की योगी सरकार को फटकार और लगातार बनाए जा रहे दबाव के बाद आखिरकार आज लखीमपुर कांड के मुख्य आरोपी केन्द्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटा आशीष मिश्रा क्राइम ब्रांच के दफ्तर पहुंच गया है। मजिस्ट्रेट के समक्ष क्राइम ब्रांच की टीम आशीष मिश्रा से पूछताछ कर रही है। कड़ी सुरक्षा और अपने वकील के साथ आशीष मिश्रा क्राइम ब्रांच के दफ्तर पहुंचा। आशीष मिश्रा का बयान कलमबंद किया जा रहा है। अब देखना यह है कि पूछताछ कितनी देर तक चलती है। पूछताछ के बाद क्या आशीष मिश्रा को पुलिस हिरासत में लेती है या फिर उसे गिरफ्तार करती है। यह देखने वाली बात होगी।
समझा जा रहा है कि आशीष मिश्रा से घटना वाले दिन क्या हुआ और वह उस समय कहां था आदि ऐसे कई सवाल हैं जिनकी गुत्थी सुलझाना पुलिस के टेड़ी खीर होगा। हाईप्रोफाइल मामला होने के चलते पुलिस अभी तक आशीष मिश्रा पर हाथ नहीं डाल रही थीं। चूंकि सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान यूपी सरकार द्वारा की गई कार्रवाई पर असंतुष्टि जताई थी इसलिए आशीष मिश्रा से पूछताछ करने का दबाव पुलिस पर अत्यधिक था। यही वजह थी कि शुक्रवार को आशीष मिश्रा के पूछताछ के लिए न आने पर उसके घर पर फिर से सम्मन चस्पा किया गया था।
केन्द्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा ने शुक्रवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम से लौटने के बाद मीडिया से कहा था कि आशीष मिश्रा कहीं भागा नहीं है। वह पूछताछ के लिए हाजिर होगा। उधर बताया जा रहा है कि आशीष मिश्रा के समर्थकों ने क्राइम ब्रांच दफ्तर के बाहर हंगामा भी किया। आशीष मिश्रा के समर्थन में नारेबाजी भी की गई। सुरक्षा के कड़े प्रबंध होने के चलते समर्थक कुछ देर बाद शांत हो गए।