
बिहार की सियासत आज दो मोर्चों पर गर्म है—एक तरफ विधानसभा चुनाव की हलचल, दूसरी तरफ आरजेडी परिवार के लिए अदालत का फैसला।आज दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की पेशी होने वाली है, जहां IRCTC घोटाला और लैंड फॉर जॉब स्कैम दोनों मामलों में आरोप तय करने पर फैसला आएगा। चुनावी मौसम के बीच यह सुनवाई आरजेडी के लिए किसी ‘राजनीतिक अग्निपरीक्षा’ से कम नहीं। पहले चरण की सीटों पर नामांकन चल रहा है और आज से दूसरे चरण के लिए भी प्रक्रिया शुरू हो रही है। ऐसे में पार्टी प्रमुख लालू यादव और उनके परिवार के सामने कानूनी संकट ने माहौल और तनावपूर्ण बना दिया है। Bihar Election
राउज एवेन्यू कोर्ट के विशेष सीबीआई जज विशाल गोगने की अदालत में आज लैंड फॉर जॉब केस में आरोप तय करने पर सुनवाई होगी। अदालत ने पहले ही सभी आरोपियों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने का आदेश दिया था। इसी के साथ IRCTC घोटाले में भी आज ही चार्जशीट पर फैसला आने वाला है। IRCTC स्कैम में लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव पर रांची और पुरी के बीएनआर होटल टेंडर में कथित गड़बड़ियों के आरोप हैं। सीबीआई ने इनके खिलाफ आईपीसी की धारा 120बी (साजिश), 420 (धोखाधड़ी) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत चार्जशीट दाखिल की है।
राजद के लिए यह दिन सिर्फ कानूनी ही नहीं, राजनीतिक मोर्चे पर भी निर्णायक साबित हो सकता है। बिहार में विपक्षी महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर तनातनी जारी है। आरजेडी ने कांग्रेस को 52 सीटों की पेशकश की थी, जबकि कांग्रेस 60 सीटों की मांग पर अड़ी हुई है। इस टकराव के चलते दोनों दलों के बीच बातचीत ठप पड़ी है। दिल्ली में आज कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक भी होने जा रही है, जो महागठबंधन के समीकरण तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है। दिलचस्प बात यह है कि लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव तीनों आज दिल्ली में ही मौजूद हैं और मीसा भारती के पंडारा पार्क स्थित आवास पर ठहरे हुए हैं। Bihar Election