लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से तगड़ा झटका, अब शुरू होगा असली ट्रायल
Lalu Yadav
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 08:09 AM
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 08:09 AM
Lalu Yadav : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। 'जमीन के बदले नौकरी' घोटाले में उनके खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई को रोकने की उनकी अपील सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वह फिलहाल इस मामले में दखल नहीं देगा और ट्रायल पर रोक लगाने का कोई आदेश नहीं दिया जाएगा।
ट्रायल तो चलेगा लेकिन पेशी से राहत
हालांकि कोर्ट ने एक राहत जरूर दी है। अदालत ने कहा कि लालू यादव की उम्र और सामाजिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्हें व्यक्तिगत तौर पर हर सुनवाई में पेश होने की जरूरत नहीं होगी। कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि पटना हाईकोर्ट इस मामले की सुनवाई में तेजी लाए।
कोर्ट ने किया इनकार
सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल, जो लालू यादव की ओर से पेश हुए, ने दलील दी कि यह मामला दुर्लभ है। उन्होंने कहा कि लालू यादव वर्ष 2002 से मंत्री रहे लेकिन जांच एजेंसी CBI ने 2014 में इस मामले में जांच शुरू की। सिब्बल ने यह भी आरोप लगाया कि अभी तक लालू यादव के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति नहीं ली गई है, जबकि बाकी आरोपियों के खिलाफ यह स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है।
अब क्या होगा?
इस पर सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा कि इस स्तर पर दखल देने की कोई जरूरत नहीं है और चूंकि मामला हाई कोर्ट में लंबित है, इसलिए वहीं से इसकी अगली दिशा तय होगी। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद 'लैंड फॉर जॉब' घोटाले में लालू यादव के खिलाफ मुकदमा अब बिना किसी रोक-टोक के आगे बढ़ेगा। यह मामला उनके लिए कानूनी मोर्चे पर एक और बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।