Land for Job Scam : लालू, राबड़ी और मीसा भारती को जमानत
Bail to Lalu, Rabri and Misa Bharti
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 07:08 AM
पटना। बुधवार का दिन बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के लिए राहत लेकर आया। नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में दिल्ली की एक अदालत ने लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटी मीसा भारती को जमानत दे दी। दिलचस्प है कि इस मामले में सीबीआई ने तीनों की जमानत का विरोध नहीं किया। दिल्ली की कोर्ट ने सभी को 50 हजार के निजी मुचलके पर जमानत दी है। मामले में अगली सुनवाई 29 मार्च को होगी।
गौरतलब है कि रेलवे में नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में बुधवार को सुनवाई हुई। कोर्ट में पेशी के लिए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव व्हीलचेयर पर अदालत पहुंचे। साथ में उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटी मीसा भारती भी पहुंची थीं।
साल 2004 से 2009 के दौरान रेल मंत्री रहते हुए लालू यादव और उनके परिवार के सदस्यों पर रेलवे में नौकरी के बदले लोगों से जमीन लेने का आरोप है। सीबीआई ने इस मामले में पिछले दिनों चार्जशीट दाखिल की थी। सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में आरोप लगाया कि रेलवे की ग्रुप-डी में भर्ती के लिए भारतीय रेलवे के निर्धारित मानदंडों और प्रक्रियाओं का उल्लंघन करते हुए अनियमित नियुक्तियां की गईं। साथ ही लालू परिवार को नौकरी देने के बदले जमीन उपहार में दी गई या कम कीमत पर बेच दी गई।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।