Lok Sabha: लोकसभा में टीएमसी सांसद और सत्ता पक्ष के बीच टकराव
Lok Sabha
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 10:57 AM
Lok Sabha : लोकसभा में आज मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान उस वक्त भारी हंगामा हुआ जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी ने मनरेगा फंड को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को निशाने पर लेते हुए तीखी टिप्पणी की, जिससे सत्ता पक्ष नाराज हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि लोकसभा अध्यक्ष को हस्तक्षेप कर माहौल शांत कराना पड़ा।
मनरेगा फंड को लेकर टीएमसी सांसद ने केंद्र पर साधा निशाना
प्रश्नकाल के दौरान कल्याण बनर्जी ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि पश्चिम बंगाल को मनरेगा योजना के तहत धनराशि क्यों नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय लगातार 25 लाख फर्जी मामलों का दावा कर रहा है, लेकिन यदि ऐसा है तो ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? उन्होंने मांग की कि जिन लोगों पर गड़बड़ी के आरोप हैं, उनके खिलाफ जांच और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन इस आधार पर पूरे राज्य के 10 करोड़ लोगों को योजना के लाभ से वंचित नहीं किया जा सकता।
गिरिराज सिंह पर टिप्पणी से बढ़ा विवाद
अपनी बात रखते हुए कल्याण बनर्जी ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर निशाना साधते हुए कहा, "आप केंद्रीय मंत्री हैं, लेकिन आपका व्यवहार इस पद के योग्य नहीं लगता… आखिर आपको मंत्री बनाया ही क्यों गया?" इस टिप्पणी से सत्ता पक्ष के सदस्य भड़क गए और विरोध जताने लगे। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इस बयान पर आपत्ति जताई और कहा कि संसदीय भाषा की मर्यादा का पालन किया जाना चाहिए।
हंगामे को बढ़ता देख लोकसभा अध्यक्ष ने हस्तक्षेप किया और सभी सदस्यों से अनुरोध किया कि वे एक-दूसरे पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने से बचें। उन्होंने कहा कि संसद में भाषा की शालीनता बनी रहनी चाहिए और असंसदीय शब्दों से बचना चाहिए।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बयान से भड़का विवाद
गौरतलब है कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में वित्त वर्ष 2025-26 के बजट पर बोलते हुए कहा था कि 25 लाख फर्जी मनरेगा जॉब कार्ड पकड़े गए हैं और यह फंड गरीबों तक पहुंचने के बजाय टीएमसी के कार्यकर्ताओं द्वारा हड़प लिया गया। इसी बयान के जवाब में कल्याण बनर्जी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला, जिससे संसद में विवाद खड़ा हो गया। Lok Sabha
Chandrayaan3 : चंद्रयान-3 की बड़ी खोज ,बाहरी इलाकों में बर्फ के संकेत