सरकारी नौकरी पाने वालों की लगी लॉटरी, मोदी सरकार ने युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र
PM Modi
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 02:35 PM
PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एक बार फिर देश के युवाओं को बड़ी सौगात दी। रोजगार मेले के 16वें चरण के तहत पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 51,000 युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपे। ये नियुक्तियां केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में की गई हैं। पीएम मोदी ने इस मौके पर कहा कि “हम जहां भी हों, हमारा लक्ष्य सिर्फ एक होना चाहिए राष्ट्र सेवा।” उन्होंने सभी नव-नियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, सरकार का बिना पर्ची, बिना खर्ची वाला मॉडल युवाओं के सपनों को साकार कर रहा है।
अब तक 10 लाख से ज्यादा युवाओं को मिल चुकी है नौकरी
भारत सरकार द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला देशभर के 47 अलग-अलग स्थानों पर हुआ। इसमें रेलवे, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवाएं, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय समेत कई विभागों में युवाओं को अलग-अलग पदों पर नियुक्त किया गया है। अब तक इस पहल के तहत 10 लाख से अधिक युवाओं को पक्की सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। यह सरकार की युवाओं को सशक्त बनाने और प्रशासनिक तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
युवाओं की पहचान बनी मेहनत
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि देश की सेवा करने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा, “सरकार में नौकरी पाने के लिए अब न तो कोई पर्ची चाहिए और न ही खर्चा करना पड़ता है। मेहनत ही आपकी पहचान है।” उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में वे जिन 5 देशों की यात्रा से लौटे हैं, वहां भी भारत की युवा शक्ति और उनकी प्रतिभा की काफी चर्चा रही। आज भारत वैश्विक मंचों पर युवाओं के लिए नए मौके और समझौते कर रहा है।
क्या है रोजगार मेला?
रोजगार मेला, भारत सरकार की एक प्रमुख पहल है जिसका उद्देश्य युवाओं को तेजी से और पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियों से जोड़ना है। इसमें देशभर के मंत्रालय और विभाग योग्य उम्मीदवारों का चयन कर उन्हें मौके देते हैं। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की माने तो यह मेला नौकरी चाहने वालों और नियोक्ताओं के बीच एक तेज, पारदर्शी और प्रभावी कड़ी बनाने का काम करता है। PM Modi