
Raja Raghuvanshi Murder Case : राजा रघुवंशी के हनीमून ट्रिप पर गया सफर उनकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव साबित होगा, इसका अंदाज़ा किसी को नहीं था। मेघालय की राजधानी शिलॉंग में हुई इस सनसनीखेज हत्या ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। हाल ही में हुए पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई तात्कालिक गुस्से का नतीजा नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित और सुनियोजित हत्या थी। पुलिस ने इस मामले में राज कुशवाहा और आकाश नामक दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से एक पिस्तौल, जिंदा कारतूस और ₹50,000 नकद बरामद हुए हैं। पूछताछ में जो तथ्य सामने आ रहे हैं, वे इस हत्या को एक गहरी साजिश का हिस्सा साबित करते हैं।
शिलांग पुलिस ने आरोपियों के वाहन की तलाशी में एक पिस्तौल, जिंदा कारतूस और ₹50,000 नकद जब्त किए हैं। यह बरामदगी केवल आपराधिक संलिप्तता की पुष्टि नहीं करती, बल्कि इस घटना के पीछे किसी बड़ी योजना की ओर भी इशारा करती है। ईस्ट खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक हर्बर्ट पिनयाड खारकोंगोर के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि हथियार उनके बैग में रखा हुआ था। इस जानकारी ने जांच को निर्णायक दिशा देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस को इस बात का भी संदेह है कि हत्या की साजिश केवल हथियारों तक सीमित नहीं थी। डिजिटल सबूत, खासकर लैपटॉप व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इस केस की गुत्थी सुलझाने में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि उन्होंने घटना के बाद उपयोग किए गए लैपटॉप और संबंधित सामग्री को ठिकाने लगा दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वे उपकरण वास्तव में कहां फेंके गए या कहीं छिपाए गए हैं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसपी हर्बर्ट ने स्पष्ट किया है कि अब जांच का फोकस केवल घटनास्थल और तत्काल सबूतों तक नहीं, बल्कि संपूर्ण षड्यंत्र की परतें खोलने पर है। एसपी ने बताया "हम यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि इन दोनों के पास और कौन-कौन सी जानकारियां हैं, और क्या इनके पीछे कोई और शख्स या समूह भी शामिल है।
इस पूरे प्रकरण में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह हत्या पहले से योजना बनाकर की गई थी या फिर यह किसी निजी विवाद या बहस के चलते अचानक लिया गया निर्णय था। इसके अलावा यह भी जांच का विषय है कि क्या इस घटना में अन्य लोग भी प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से संलिप्त थे। फिलहाल, पुलिस की कई टीमें तकनीकी, डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों की गहन जांच कर रही हैं। अपराध की गहराई को देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि आने वाले दिनों में यह मामला और भी बड़े खुलासे लेकर आ सकता है।
Raja Raghuvanshi Murder Case