Lucknow: 'अमेरिका से बेहतर रहा उप्र का कोविड प्रबंधन' गौतमबुद्घनगर में फाउंडेशन द्वारा कोविड अस्पताल की स्थापना सराहनीय: योगी
भारत
RP Raghuvanshi
10 Jun 2022 06:14 PM
Lucknow: लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर बिल एण्ड मिलिण्डा गेट्स फाउण्डेशन के प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के साथ स्वास्थ्य, पोषण और कृषि के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग को और बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में बिल एण्ड मिलिण्डा गेट्स फाउण्डेशन का योगदान सराहनीय रहा है। राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और प्रभावी बनाने में फाउण्डेशन का सदैव सहयोग मिलता रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे-5 (एन0एफ0एच0एस0-5) के परिणाम बताते हैं कि स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। कई मानकों पर हमारा प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। इस कार्य में भी हमें फाउण्डेशन का सहयोग मिला है। उन्होंने कहा कि कोविड के दौरान उत्तर प्रदेश में फाउण्डेशन द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। टेस्टिंग किट उपलब्ध कराना हो या जनपद गौतमबुद्धनगर, गोण्डा तथा प्रयागराज में डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल की स्थापना हो, इन सभी कार्यों में फाउण्डेशन द्वारा रचनात्मक सहयोग प्रदान किया गया। हम इसके लिए फाउण्डेशन के प्रति आभारी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत के कोविड प्रबन्धन की सराहना पूरी दुनिया कर रही है। देश के सुदूर, दुर्गम तथा पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों को कोविड टीका कवर दिया गया है। उत्तर प्रदेश में 33 करोड़ से अधिक कोविड टीके लगाये जा चुके हैं। यह छोटी उपलब्धि नहीं है। इस अवसर पर बिल एण्ड मिलिण्डा गेट्स फाउण्डेशन के सी0ई0ओ0 मार्क्स सुजमैन ने कहा कि वह बहुत सारे देशों में कार्य करते हैं। उन्होंने सभी देशों के कोविड प्रबन्धन को देखा है। यह कहना उचित होगा कि भारत विशेष रूप से उत्तर प्रदेश का कोविड प्रबन्धन अमेरिका के कोविड मैनेजमेंट से कहीं बेहतर रहा है। उत्तर प्रदेश के सघन जनसंख्या घनत्व और विविध सामाजिक चुनौतियों का सामना यहां के नेतृत्व ने जिस प्रकार किया वह अत्यन्त सराहनीय है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, फाउण्डेशन के कंट्री डायरेक्टर एवं अन्य पदाधिकारी तथा शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।