Lucknow: स्कूल में डे्रस कोड लागू होना चाहिए: योगी
भारत
RP Raghuvanshi
14 Feb 2022 07:08 PM
Lucknow: लखनऊ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूसरे चरण की वोटिंग के बीच समाचार एजेंसी एएनआई को इंटरव्यू दिया। हिजाब मामले पर सीएम योगी ने कहा कि भारत की व्यवस्था संविधान के अनुरूप चलनी चाहिए, हमारी व्यक्तिगत आस्था और पसंद-नापसंद हम देश और संस्थाओं पर लागू नहीं कर सकते हैं। क्या मैं यूपी में सभी कर्मचारियों या लोगों को बोल सकता हूं कि आप भी भगवा धारण करें? स्कूल में ड्रेस कोड लागू होना चाहिए। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि पहले चरण के मतदान के बाद साफ है कि भाजपा प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी। योगी ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद वोटर्स ने सपा अध्यक्ष अखिलेश और जयंत चौधरी को ठंडा कर दिया है।
उत्तर प्रदेश चुनाव (Uttar Pradesh Election) में भाजपा की जीत के सवाल पर सीएम योगी ने कहा कि प्रथम चरण के चुनाव के बाद स्थिति साफ होती जा रही है, मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि भाजपा उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी और इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति के एजेंडे को बदला है। पहले जाति, मत, मज़हब और परिवार के इर्द-गिर्द बनी भारत की राजनीतिक व्यवस्था में आज विकास, सुशासन, गांव, गरीब, किसान, नौजवान और महिलाएं चर्चा का विषय हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैंने 80 बनाम 20 की बात की थी, 80 फीसदी भाजपा के साथ होंगे और 20 फीसदी हमेशा विरोध करते हैं और विरोध करेंगे। हमने जाति, मत, मज़हब की बात नहीं की थी। 80 फीसदी वो लोग जो हमेशा प्रदेश सरकार के अच्छे कार्यों का समर्थन करते हैं और 20 फीसदी वो लोग जिन्हें हमेशा विरोध करना है।विपक्ष के ठोको राज के सवाल पर सीएम योगी ने कहा कि कानून का भय हर उस व्यक्ति के मन में होना चाहिए जो सुरक्षा के लिए खतरा है। यही फर्क है कि उत्तर प्रदेश में 2017 के पहले हर 3-4 दिन के अंदर एक बड़ा दंगा होता था, महीनों तक कर्फ्यू रहता था, अराजकता चरम पर थी और गुंडागर्दी होती थी