Lucknow News: शराबियों ने नहीं बख्शी पांच साल के मासूम की अस्मत
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:50 AM
Lucknow: लखनऊ। फतेहपुर जिले एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पांच साल की बच्ची स्कूल तो गई, लेकिन लौटी नहीं। बाद में बोरी में बंद उसकी लाश मिली। शुरुआती जांच में पता चला कि स्कूल जा रही बच्ची का पहले अपहरण किया गया, और रेप करने के बाद उसकी हत्या कर शव को बोरी में बंद कर दरिंदे फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी पांच साल की बेटी मंगलवार की सुबह 10 बजे प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने के लिए घर से निकली थी। छुट्टी होने के बाद जब वह घर नहीं पहुंची तो उसकी तलाश शुरू की गई। सभी संभावित जगहों पर छानबीन की गई। कुछ पता नहीं चलने पर पुलिस को बच्ची के गुम होने की जानकारी दी गई। पुलिस ने भी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिर, देर शाम आशंकाएं सच साबित हुईं। गांव के गांव के पास एक अमरूद के बाग में बने कोठरी में मासूम का शव बोरी में मिला। बच्ची के सिर पर चोट के निशान थे। मौके पर पहुंचे एसपी राजेश कुमार सिंह ने घटना स्थल की जांच करने के बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि बच्ची घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन वहां नहीं पहुंची। उसका रास्ते से ही अपहरण कर लिया गया, और दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। वारदात सुबह 10 से एक बजे के बीच होने की संभावना जताई जा रही है।
एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। मौके पर बीयर के कैन व अन्य सामान मिले हैं। जिसे देखकर दुष्कर्म की घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।