Lucknow News : 12 सौ करोड़ रुपये से अधिक की ड्रग्स बरामद
भारत
RP Raghuvanshi
06 Sep 2022 08:40 PM
भारत
RP Raghuvanshi
06 Sep 2022 08:40 PM
Lucknow : लखनऊ। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश के इतिहास में सबसे बड़ी ड्रग्स की खेप उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक गोदाम से बरामद की है। बरामद ड्रग्स की कीमत 1200 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के सीपी एचजीएस धालीवाल ने बताया कि वर्ष-2016 से भारत में रह रहे दो अफगानी नागरिकों की गिरफ्तारी के बाद की गई पूछताछ में मिले अहम सुराग के बाद यह कार्रवाई की गई। लखनऊ के एक गोदाम से स्पेशल सेल ने 600 बैग बरामद किए। गोदाम से 312.5 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन दवा और 10 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गयी है। जब्त की गयी कुल दवा की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 1200 करोड़ रुपये से अधिक है। स्पेशल सीपी धालीवाल ने बताया कि बरामद बैग नारकोटिक्स टेस्ट के लिए भेजा जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बेहतरीन गुणवत्ता की मेथम्फेटामाइन 400 डॉलर प्रति ग्राम तक जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक ड्रग्स की यह खेप चेन्नई से लखनऊ भेजी गयी थी।
ज्ञात हो कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार कर ग्रेटर नोएडा में भी छापेमारी की थी और एक गैराज में खड़ी कार की डिक्की से लगभग 25 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की थी। आज भी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक अफगान नागरिक द्वारा थाना सूरजपुर क्षेत्र के पाई-1 स्थित यूनिटेक सोसायटी के फ्लैट में पहुंचकर जांच पड़ताल की थी।