Lucknow News : सेबी जल्द करे निवेशकों का भुगतान: सहारा
भारत
चेतना मंच
22 Nov 2025 12:51 PM
Lucknow : लखनऊ । सहारा इंडिया परिवार ने एक बयान सेबी के पास सहारा के 25,000 करोड़ रुपये रखे हैं और विगत् 9 वर्षों में सेबी ने निवेशकों को लगभग 125 करोड़ रुपये का ही भुगतान किया है। यह न तो तर्कसंगत है और न ही न्यायोचित है। सेबी को निवेशकों के हित में कार्य करना चाहिए। सेबी या तो निवेशकों को भुगतान शुरू करे या उस धन को सहारा को वापस करे, ताकि हम अपने निवेशकों को भुगतान कर सकें।
सहारा समूह की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह विडम्बना ही है कि एक ओर जहां सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार सहारा ने 25,000 करोड़ रुपये मय ब्याज सहारा-सेबी खाते में जमा कराए हैं और यह धन पिछले 9 वर्षों से सेबी के पास व्यर्थ पड़ा है, वहीं दूसरी ओर हम पर लगे प्रतिबंध (Sanctions) के कारण, अपनी संपत्ति को बेचकर या गिरवी रखकर सहारा निवेशकों को सीधे भुगतान नहीं कर सकता। जब संपत्तियां प्रतिबंधित हों और उपलब्ध धन सहारा-सेबी खाते में जमा हो तो सहारा अपने निवेशकों को भुगतान करे तो कैसे करे? इन सबके बावजूद सहारा भुगतान तो कर रहा है किंतु भुगतान में विलम्ब हो रहा है। सहारा अपने निवेशकों को पिछले 44 वर्षों से भली-भांति सेवाएं दे रहा है और अतीत में कभी भी कोई मुद्दा नहीं उठा है। सहारा और इसके निवेशक वर्तमान परिस्थिति के शिकार हैं, जहां एक ओर सहारा के 25,000 करोड़ रुपये सेबी ने निवेशकों के हित के नाम पर अपने पास व्यर्थ में रखे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर सेबी ने मार्च, 2018 में घोषणा कर दी थी कि वह जुलाई, 2018 के बाद किसी भी निवेशक को भुगतान नहीं करेगा। सेबी का यह कृत्य निहायत ही ग़ैर-जि़म्मेदाराना है और निवेशकों के हितों के विरुद्ध है।
सर्वोच्च न्यायालय के 5.12.2012 के आदेशानुसार 25,000 करोड़ रुपये की इस धनराशि से सेबी ने न तो निवेशकों को भुगतान किया है और न ही यह धनराशि सहारा को वापस की है।